जयपुर, 23 जनवरी।
राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान एवं राजस्थान स्कूल ऑफ आर्ट, जयपुर के संयुक्त तत्वावधान में 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार को जवाहर कला केन्द्र स्थित चतुर्दिक कला दीर्घा में चित्रकला कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला का उद्घाटन जयपुर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि चित्रकला जैसी सृजनात्मक गतिविधियों के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक करना लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
राजस्थान स्कूल ऑफ आर्ट, जयपुर के प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार खण्डेलवाल ने बताया कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर यह चित्रकला कार्यशाला प्रतिवर्ष राज्य निर्वाचन विभाग के सहयोग से आयोजित की जाती है। इस वर्ष कार्यशाला में राजस्थान स्कूल ऑफ आर्ट एवं इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ क्राफ्ट एंड डिजाइन के 35 विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने निर्वाचन विभाग द्वारा निर्धारित थीम विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर आधारित चित्रों का सृजन किया।
इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा नियुक्त नोडल अधिकारी श्रीमती संघमित्रा बरडिया, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी, बगरू तथा सहायक नोडल अधिकारी श्री बजरंग लाल स्वामी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी, आमेर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया।

.jpg)


