जयपुर।
राजधानी जयपुर में शनिवार को राजपूताना ऑटोमोटिव स्पोर्ट्स कार क्लब की ओर से आयोजित 27वीं विंटेज एंड क्लासिक कार एग्जीबिशन का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने स्वयं एक विंटेज कार में सवार होकर एग्जीबिशन का अवलोकन किया और कार मालिकों से संवाद किया।
एग्जीबिशन में देश-विदेश की दुर्लभ, ऐतिहासिक और शाही विंटेज एवं क्लासिक कारों को प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी को देखने के लिए बड़ी संख्या में शहरवासी, पर्यटक और कार प्रेमी पहुंचे। दर्शकों में विंटेज कारों को लेकर खासा उत्साह और आकर्षण देखने को मिला।
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि इस तरह के आयोजनों में शामिल होकर बेहद अच्छा लगता है। विंटेज कारें हमारी ऐतिहासिक धरोहर हैं और इनका संरक्षण व रखरखाव सराहनीय कार्य है। उन्होंने कहा कि जयपुर में इस स्तर का आयोजन होना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है।
आयोजकों ने बताया कि इस एग्जीबिशन का मुख्य उद्देश्य राजस्थान में पर्यटन को बढ़ावा देना है। हेरिटेज के मामले में राजस्थान दुनिया के सबसे समृद्ध क्षेत्रों में शामिल है और ये विंटेज व क्लासिक कारें इसकी विरासत को और भी आकर्षक बनाती हैं। यह एग्जीबिशन कार प्रेमियों और आमजन के लिए सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक खुली रहेगी।





