जयपुर, 24 जनवरी।
कन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (सीआईआई) द्वारा आयोजित सीआईआई-एयू इन्विटेशन गोल्फ कप का छठा संस्करण शनिवार को रामबाग गोल्फ क्लब में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। टूर्नामेंट का समापन पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ, जिसमें विशाल बैद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बेस्ट सीआईआई गोल्फर की ट्रॉफी अपने नाम की।
यह टूर्नामेंट स्टेबलफोर्ड फॉर्मेट में खेला गया, जिसमें पुरुष, महिला एवं वेटरन (60 वर्ष से अधिक) सहित विभिन्न हैंडीकैप श्रेणियां शामिल रहीं। प्रतियोगिता में गोल्फ खिलाड़ियों के साथ-साथ ब्यूरोक्रेट्स और उद्योग जगत से जुड़े सदस्यों सहित विभिन्न पृष्ठभूमियों से लगभग 100 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
समापन समारोह के दौरान अलग-अलग श्रेणियों और हैंडीकैप ग्रुप में विजेता एवं उपविजेताओं को सम्मानित किया गया। ब्लाइंड फोल्ड मॉन्स्टर का खिताब के.सी. गोयल ने जीता, जबकि क्लोज़ेस्ट टू द पिन का पुरस्कार डॉ. ज़ोहेब नक़वी को प्रदान किया गया। बेस्ट लेडी गोल्फर का सम्मान विमी भाटिया को और बेस्ट वेटरन गोल्फर (60+) का खिताब कमल बोर्डिया को मिला।
हैंडीकैप श्रेणियों में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। हैंडीकैप 18–24 वर्ग में अविनिश कसलिवाल विजेता और गौरव मोहन माथुर उपविजेता रहे। हैंडीकैप 13–17 वर्ग में विकास राजोरिया ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि विभोर अग्रवाल उपविजेता रहे। वहीं हैंडीकैप 0–12 वर्ग में गौरव स्वामी विजेता और भरत रतूड़ी उपविजेता रहे।
टूर्नामेंट के समापन समारोह में लेफ्टिनेंट जनरल मनजिंदर सिंह, जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, साउथ वेस्टर्न कमान; सीआईआई राजस्थान के पूर्व चेयरमैन गौरव रूंगटा; सीआईआई राजस्थान स्टेट काउंसिल के उपाध्यक्ष रजनीश भंडारी; सीआईआई राजस्थान के वरिष्ठ निदेशक एवं प्रमुख नितिन गुप्ता; दानिश प्रा. लि. के मैनेजिंग डायरेक्टर शिवम तलवार; और आईएनए सोलर के चेयरमैन मनीष गुप्ता सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
सभी अतिथियों ने विजेता और उपविजेताओं को ट्रॉफियां प्रदान कर उनके प्रदर्शन की सराहना की तथा इस तरह के आयोजनों को उद्योग, प्रशासन और खेल जगत के बीच बेहतर संवाद और सहयोग का सशक्त माध्यम बताया।



