एनबीएफ के रोलबॉल खिलाड़ियों ने जीते स्वर्ण एवं रजत पदक

 



जयपुर। राजस्थान रोलबॉल संघ एवं जयपुर जिला रोलबॉल संघ के संयुक्त तत्वावधान में 25 से 27 सितंबर 2026 तक जमना विद्यापीठ स्कूल, जयपुर में जूनियर अंडर-17 एवं मिनी अंडर-11 राज्य स्तरीय रोलबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में एनबीएफ पब्लिक स्कूल, निवारू रोड, झोटवाड़ा के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दो वर्गों में पदक हासिल किए।


अंडर-17 वर्ग में एनबीएफ पब्लिक स्कूल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं अंडर-11 वर्ग में खिलाड़ियों ने बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। दोनों वर्गों में खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के दौरान खेल कौशल, टीम भावना और अनुशासन का परिचय दिया।



खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय के निदेशक संजीव खांडल, संदीप खांडल, माया खांडल और प्राचार्य विनंती योगी ने खिलाड़ियों एवं कोच विक्रम सिंह को बधाई दी। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत और नियमित अभ्यास के परिणामस्वरूप यह उपलब्धि हासिल हुई है। स्कूल प्रबंधन ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।





विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। एनबीएफ पब्लिक स्कूल परिवार ने रोलबॉल खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर गर्व जताते हुए इसे विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।

Previous Post Next Post