जयपुर। अखिल भारतीय यादव महासभा राजस्थान के तत्वावधान में मानसरोवर स्थित सुमेर पैराडाइज में नवीन कार्यकारिणी, शपथ ग्रहण एवं प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में महासभा के राष्ट्रीय, प्रदेश, संभाग और जिला स्तर के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु मौजूद रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने सामाजिक कुरीतियों को दूर करने, समाज को संगठित और मजबूत बनाने तथा युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। इस दौरान अहीर रेजिमेंट के गठन की मांग को लेकर भी आवाज उठाई गई। साथ ही फरवरी में प्रस्तावित रेजांगला यात्रा को लेकर चर्चा की गई।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले समाज के लोगों तथा राजकीय सेवाओं में चयनित प्रतिभाओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने समाज की एकजुटता, संगठनात्मक मजबूती और सामाजिक विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।समारोह के अंत में कार्यक्रम संयोजक डॉ. उमराव सिंह यादव ने सभी अतिथियों और समाजबंधुओं का आभार व्यक्त किया।