5वीं सॉफ्ट हॉकी नेशनल चैंपियनशिप 2025–26 का भव्य उद्घाटन, गुलाबी नगरी में खेल उत्सव का आगाज़

 



जयपुर, 29 जनवरी 2026।

जयपुर स्थित एस्ट्रो टर्फ हॉकी ग्राउंड, सवाई मानसिंह स्टेडियम में बुधवार को 5वीं सॉफ्ट हॉकी नेशनल चैंपियनशिप 2025–26 का भव्य उद्घाटन समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। प्रतियोगिता के साथ ही गुलाबी नगरी में “हर घर हॉकी का उत्सव” शुरू हो गया।



उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के खेल राज्य मंत्री के. के. विश्नोई रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता सॉफ्ट हॉकी फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अशुतोष पंत ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में आईजी संदीप सिंह चौहान, शिखा पंत, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जी. एस. राठौर, नेशनल वाइस चेयरमैन सॉफ्ट हॉकी लीग डॉ. आदित्य नाग, पुष्पेंद्र सिंह राठौर, रामावतार, संयुक्त सचिव अरुण सिंह सहित फेडरेशन के पदाधिकारी उपस्थित रहे। आयोजन में सवेरा हॉस्पिटल ने मेडिकल टूरिज्म पार्टनर के रूप में सहयोग प्रदान किया।


मुख्य अतिथि के. के. विश्नोई ने स्वयं सॉफ्ट हॉकी खेलकर प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि “एक टीम जीतती है और दूसरी सीखती है, खिलाड़ी कभी नहीं हारता।” उन्होंने सॉफ्ट हॉकी खेल की सराहना करते हुए इसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि ऐसे आयोजन युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाते हैं।


राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अशुतोष पंत ने कहा कि सॉफ्ट हॉकी को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से हर घर हॉकी का उत्सव अभियान शुरू किया गया है, जिससे खेल संस्कृति को मजबूती मिलेगी।





इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, पुडुचेरी, राजस्थान और गुजरात सहित कई राज्यों की टीमें भाग ले रही हैं।

उद्घाटन दिवस का पहला मुकाबला सीनियर बॉयज़ वर्ग में महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के बीच खेला गया, जिसमें महाराष्ट्र ने मध्य प्रदेश को 9–1 के बड़े अंतर से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की।



समूचे आयोजन में खेल भावना, अनुशासन और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिससे सॉफ्ट हॉकी को नई पहचान और गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Previous Post Next Post