सेवा संकल्प दिवस पर जरूरतमंद महिलाओं को मिली सिलाई मशीनें, स्वास्थ्य शिविर और सांस्कृतिक कार्यक्रम बने आकर्षण

 



जयपुर। राष्ट्रीय करणी सेना की ओर से अध्यक्ष शिव सिंह शेखावत के नेतृत्व में बुधवार को गांधी पथ, वैशाली नगर स्थित जानकी पैराडाइज में सेवा संकल्प दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जरूरतमंद महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सिलाई मशीनें वितरित की गईं। साथ ही नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन कर बड़ी संख्या में लोगों को चिकित्सकीय सेवाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।



कार्यक्रम में आध्यात्मिक विभूति अर्जुनाचार्य, गोपालपुर व्यापार मंडल के अध्यक्ष पवन गोयल, शगुन ग्रुप के डायरेक्टर जे.डी. महेश्वरी, पूर्व विधायक प्रताप सिंह खाचरियावास, इवेंट किंग नितिन दुबे और प्रियंका दुबे सहित कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।



आयोजन के दौरान जरूरतमंद महिलाओं को सिलाई मशीनें वितरित की गईं। इसके अलावा नि:शुल्क चिकित्सा शिविर में ब्लड शुगर, ईसीजी और ब्लड प्रेशर (बीपी) की जांच की गई। बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श भी लिया।





कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण हेलीकॉप्टर से की गई पुष्पवर्षा रही, जिसके माध्यम से अतिथियों और उपस्थित लोगों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।







कार्यक्रम संयोजक शिव सिंह शेखावत ने कहा कि समाज की वास्तविक ताकत सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता में निहित है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी क्षमता के अनुसार जरूरतमंदों की सहायता का संकल्प ले, तो समाज में सकारात्मक बदलाव स्वतः संभव है। उन्होंने कहा कि सेवा का भाव ही व्यक्ति को महान बनाता है और यही राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव है।



विशिष्ट अतिथि एवं प्रसिद्ध फिल्म निर्माता अनिल शर्मा ने अपने संघर्ष और सफलता के अनुभव साझा करते हुए युवाओं को मेहनत, सकारात्मक सोच और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।




कार्यक्रम में बॉलीवुड अभिनेता जोजो तथा बॉलीवुड सिंगर एवं इंटरनेशनल परफॉर्मर ए.क्यू.एम. अली कुली मिर्जा ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। उनकी शानदार परफॉर्मेंस ने उपस्थित लोगों का भरपूर मनोरंजन किया।

कार्यक्रम के अंत में समाजसेवा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों के लिए शिव सिंह शेखावत का अतिथियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने साफा पहनाकर, पुष्पगुच्छ और माल्यार्पण कर सम्मान किया। आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी रही।

Previous Post Next Post