जोधपुर में 'सरगरा समाज के संत शिरोमणि' पुस्तक का विमोचन, विधायक अतुल भंसाली बोले- संत परंपरा हमारी सांस्कृतिक पहचान




जोधपुर: सरगरा समाज की संत परंपरा और आध्यात्मिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए शिक्षाविद् एवं शोधकर्ता डॉ. भारती पंवार की शोधपरक पुस्तक 'सरगरा समाज के संत शिरोमणि' का भव्य विमोचन जोधपुर शहर विधायक अतुल भंसाली ने किया। यह कार्यक्रम सरगरा समाज सभा भवन में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत ज्ञानयज्ञ महोत्सव के समापन अवसर पर संपन्न हुआ।



विधायक अतुल भंसाली ने कहा कि किसी भी समाज की पहचान उसकी संत परंपरा, संस्कृति और गौरवशाली इतिहास से होती है। उन्होंने कहा कि डॉ. भारती पंवार की यह पुस्तक समाज की नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी।

डॉ. भारती पंवार ने बताया कि पुस्तक में पहली बार सरगरा समाज के संतों के जीवन, आध्यात्मिक संदेश, भजन-वाणियों, समाधि स्थलों, मंदिरों, महंत परंपरा और समाज के प्रति उनके योगदान का प्रामाणिक दस्तावेजीकरण किया गया है।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय कथा वाचक आचार्य देव जोशी, राजेंद्र गिरी महाराज, प्रेमनाथ महाराज सहित कई संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि और समाज के गणमान्य लोग मौजूद रहे। महिला शक्ति की उल्लेखनीय भागीदारी भी कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही। कथा की पूर्णाहुति के बाद महाप्रसादी के साथ समारोह का समापन हुआ।


Previous Post Next Post