एम.एन.आई.टी जयपुर में ब्लिट्ज़श्लैग 2026 का भव्य उद्घाटन



जयपुर | 5 फरवरी 2026

मालवीय नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एम.एन.आई.टी) जयपुर का तीन दिवसीय वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव ब्लिट्ज़श्लैग’26 गुरुवार सायंकाल औपचारिक रूप से प्रारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह का नेतृत्व एम.एन.आई.टी जयपुर के निदेशक प्रो. एन. पी. पाढ़ी ने किया। यह उत्सव देश के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थानों के सांस्कृतिक आयोजनों में प्रमुख स्थान रखता है।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन एवं गणेश वंदना से हुई। डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. कनुप्रिया सचदेव ने छात्रों के सर्वांगीण विकास में सांस्कृतिक गतिविधियों की भूमिका पर प्रकाश डाला, वहीं एसोसिएट डीन (संस्कृतिक) डॉ. मीनाक्षी त्रिपाठी ने ब्लिट्ज़श्लैग’26 की रूपरेखा और उद्देश्यों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्रैमी पुरस्कार विजेता एवं पद्मभूषण सम्मानित पंडित विश्व मोहन भट्ट ने अपने संबोधन में युवाओं के बीच रचनात्मकता, कलात्मक अभिव्यक्ति और सांस्कृतिक चेतना के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने ब्लिट्ज़श्लैग जैसे आयोजनों को उभरते इंजीनियरों, वास्तुकारों और वैज्ञानिकों के लिए संतुलित एवं समग्र व्यक्तित्व विकास का प्रभावी मंच बताया।

समारोह की अध्यक्षता करते हुए निदेशक प्रो. एन. पी. पाढ़ी ने ब्लिट्ज़श्लैग को रचनात्मकता, सहयोग और नवाचार को बढ़ावा देने वाला उत्सव बताया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप छात्रों के 360 डिग्री व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।



उद्घाटन समारोह में ब्लिट्ज़श्लैग’26 की आधिकारिक फिल्म का प्रदर्शन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां तथा विशिष्ट अतिथियों का सम्मान भी किया गया।

इसी दिन VLTC बैक पोर्च में एन.एस.एस. द्वारा आयोजित सांस्कृतिक परेड में भारत की विविध सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रदर्शन किया गया। इसके पश्चात “प्लेज वॉल” पहल के माध्यम से छात्रों को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करने का अवसर मिला। पहले दिन का समापन फ्रंट पोर्च में “बॉलीवुड” थीम पर आधारित सांस्कृतिक संध्या के साथ हुआ, जिसने पूरे परिसर में उत्साह और ऊर्जा का संचार किया।




ब्लिट्ज़श्लैग’26 के अंतर्गत तीन दिनों में 70 से अधिक प्रतियोगिताएं, कार्यशालाएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उत्सव के विशेष आकर्षण के रूप में “प्रो-नाइट” में दर्शन रावल और शाल्मली खोलगड़े की प्रस्तुतियां होंगी। यह उत्सव युवाओं के लिए रचनात्मकता, मनोरंजन और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति का एक यादगार अनुभव बनने जा रहा है।

Previous Post Next Post