जयपुर | 5 फरवरी 2026
जयपुर के कालवाड़ रोड स्थित चिरायु हॉस्पिटल परिसर में अत्याधुनिक चिरायु कैंसर इंस्टीट्यूट का उद्घाटन 7 फरवरी को दोपहर 1 बजे आयोजित समारोह में किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित संस्थान का उद्घाटन जगद्गुरु निम्बार्काचार्य श्रीश्याम शरण देवाचार्य श्रीजी महाराज के कर कमलों से होगा।
चिरायु हॉस्पिटल के डायरेक्टर मोहित चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कैंसर इंस्टीट्यूट आधुनिक चिकित्सा तकनीकों से सुसज्जित है, जहाँ कैंसर के इलाज के लिए स्वदेशी तकनीक आधारित अत्याधुनिक हाई-टेक लीनियर मशीन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इससे कैंसर रोगियों को उन्नत, सटीक और प्रभावी उपचार एक ही स्थान पर मिल सकेगा।
इस अवसर पर हाथोज धाम से विधायक स्वामी बालमुकुंदाचार्य द्वारा उद्घाटन समारोह के पोस्टर का विमोचन किया गया। उन्होंने कहा कि यह संस्थान क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधा सिद्ध होगा और कैंसर पीड़ितों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में सहायक बनेगा।
चिरायु हॉस्पिटल के चेयरमैन डॉ. मनोज चौधरी ने कहा कि कैंसर इंस्टीट्यूट की स्थापना से न केवल जयपुर बल्कि आसपास के ग्रामीण व अर्ध-शहरी क्षेत्रों के मरीजों को भी बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने इसे समाज के प्रति चिरायु समूह की दीर्घकालिक स्वास्थ्य प्रतिबद्धता का हिस्सा बताया।
डॉ. मनोज चौधरी ने कहा कि जगद्गुरु श्रीजी महाराज के कर कमलों से कैंसर इंस्टीट्यूट का उद्घाटन होना चिरायु परिवार के लिए सौभाग्य की बात है, जो सेवा और करुणा के भाव को और सशक्त करेगा।
उद्घाटन समारोह में चिकित्सा जगत, सामाजिक संगठनों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति भी रहेगी।

.jpg)