जयपुर, 19 फरवरी 2026।
सांगानेर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 77 निवासियों के लिए 21 फरवरी 2026 को त्रिवेणी नगर स्थित सामुदायिक केंद्र में निशुल्क ‘निरोगी सांगानेर’ चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर का आयोजन चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, राजस्थान द्वारा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर किया जा रहा है।
शिविर प्रातः 7 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होगा। वार्डवासियों को आधार कार्ड या जन आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। जांच रिपोर्ट पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेजी जाएगी।
रिद्धि सिद्धि मंडल की अध्यक्ष दीपा नाथावत ने बताया कि शिविर में अनुभवी चिकित्सकों द्वारा परामर्श, विभिन्न प्रकार की जांच एवं दवाइयों का वितरण निशुल्क किया जाएगा।
कैलाशी नंद किशोर शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री की ‘पहला सुख निरोगी काया’ की भावना को ध्यान में रखते हुए यह शिविर बच्चों, महिलाओं, पुरुषों, वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों के लिए आयोजित किया जा रहा है।
शिविर में उपलब्ध सुविधाएँ
प्रातः 7 से 8 बजे तक योगाचार्यों द्वारा योग सत्र
सुबह 8 से दोपहर 1 बजे तक आयुर्वेदाचार्यों एवं चिकित्सकों द्वारा परामर्श एवं जांच
0 से 5 वर्ष तक के बच्चों का निशुल्क टीकाकरण (ममता कार्ड अनिवार्य)
कैंसर जांच, एक्स-रे एवं एकल महिलाओं के लिए निशुल्क सोनोग्राफी
दिव्यांग एवं वृद्धजनों को सहायक उपकरणों का वितरण
पात्र व्यक्तियों को ट्राई साइकिल, वॉकिंग स्टिक एवं श्रवण यंत्र उपलब्ध कराए जाएंगे
वार्ड 77 की पूर्व पार्षद सीमा गुप्ता एवं वार्ड संयोजक केदार शर्मा ने नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।
