अतिशय क्षेत्र छोटा गिरनार में 24 घंटे का अखंड नेमिनाथ चालीसा पाठ प्रारंभ गुरुदेव प्रज्ञा सागर महाराज के मंगल आशीर्वाद में पहली बार ऐतिहासिक आयोजन

 

छोटा गिरनार बापू गांव, 20 फरवरी।

छोटा गिरनार बापू गांव स्थित दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र छोटा गिरनार की पावन धरा पर शुक्रवार प्रातः 8:15 बजे से 24 घंटे का श्री 1008 नेमिनाथ भगवान चालीसा अखंड पाठ श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ प्रारंभ हुआ। यह आयोजन परम पूज्य प्रज्ञा सागर महाराज के मंगलमय आशीर्वाद एवं सान्निध्य में संपन्न हो रहा है।

अध्यक्ष प्रकाश चंद बाकलीवाल एवं महामंत्री पारसमल जैन ने बताया कि गुरुदेव के सान्निध्य में एक मुख्य कलश एवं चार कलशों की विधिवत स्थापना मंत्रोच्चार के साथ की गई। अनुष्ठान पूर्ण होने के पश्चात शनिवार प्रातः 8 बजे ये कलश समाज श्रेष्ठियों को प्रदान किए जाएंगे।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रथम एक घंटे के चालीसा पाठ से हुआ, जिसे राजेन्द्र-इंदिरा बिलाला (आकोडिया परिवार) द्वारा प्रारंभ किया गया। इस अवसर पर संरक्षक अनिल जैन बनेठा, कोषाध्यक्ष रमेश जैन गंगवाल, जिनेन्द्र (जीतू) जैन, महेंद्र गंगवाल सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे



प्रचार मंत्री चेतन जैन निमोडिया ने जानकारी दी कि छोटा गिरनार के इतिहास में यह 24 घंटे का अखंड नेमिनाथ चालीसा पाठ पहली बार आयोजित किया जा रहा है। इस अनुष्ठान में 24 परिवार क्रमशः 60-60 मिनट तक निरंतर पाठ कर रहे हैं, जो सामूहिक श्रद्धा, भक्ति और एकता का अनुपम उदाहरण है।

उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे इस दिव्य अवसर पर उपस्थित होकर श्री 1008 नेमिनाथ भगवान के श्रीचरणों में कम से कम एक घंटे का पाठ कर पुण्य लाभ अर्जित करें।

दस वर्ष में राष्ट्रीय आस्था केंद्र बना छोटा गिरनार

गौरतलब है कि लगभग दस वर्ष पूर्व प्रज्ञा सागर महाराज के मंगल आशीर्वाद से यहां एक छोटे जिनालय के रूप में तीर्थ की स्थापना हुई थी, जहां श्री 1008 नेमिनाथ भगवान विराजमान थे। समय के साथ गुरुदेव की प्रेरणा और संरक्षण में यह स्थल विकसित होकर आज राष्ट्रीय स्तर पर आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है।

विशेष उल्लेखनीय है कि पूज्य गुरुदेव दस वर्ष पश्चात पुनः छोटा गिरनार में प्रवास कर रहे हैं, जिससे क्षेत्र में उल्लास और आध्यात्मिक ऊर्जा का वातावरण बना हुआ है।

समाजजनों का विश्वास है कि गुरुदेव के मार्गदर्शन में अतिशय क्षेत्र छोटा गिरनार आने वाले समय में और अधिक भव्यता एवं आध्यात्मिक ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।

Previous Post Next Post