जयपुर द्वितीय, 21 फरवरी। “शुद्ध आहार मिलावट पर वार” अभियान के तहत आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देश पर सीएमएचओ जयपुर द्वितीय की फूड सेफ्टी टीम ने अमूल ब्रांड की लगभग 30 हजार किलो एक्सपायरी खाद्य सामग्री नष्ट करवाई।
सीएमएचओ जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि गत 11 फरवरी को खो नागोरियान स्थित मैसर्स एथलीट डिस्ट्रीब्यूटर पर कार्रवाई करते हुए अमूल ब्रांड के एक्सपायरी नूडल्स, केचअप, मयोनीज एवं सॉस सहित विभिन्न खाद्य सामग्री को सीज किया गया था। आज फर्म मालिक गगन आहूजा द्वारा नगर निगम से जारी नष्टीकरण स्वीकृति आदेश प्रस्तुत किए जाने के बाद टीम को मौके पर भेजा गया।
टीम ने 6 ट्रकों में अवधिपार सामग्री भरकर मथुरादास कचरागाह ले जाकर विधिवत नष्ट करवाया। कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि ने भी मौके पर पहुंचकर सामग्री का सत्यापन करते हुए उसे अमूल ब्रांड का होना प्रमाणित किया।
गौरतलब है कि 181 पोर्टल पर प्राप्त शिकायत के आधार पर की गई कार्रवाई में अमूल ब्रांड की अलग-अलग पैकिंग में सॉसेज, मयोनीज, एनर्जी ड्रिंक, केचअप आदि के लगभग 30 हजार किलो पैकेट बरामद किए गए थे। जांच में सामने आया कि अवधिपार हो चुकी सामग्री की तिथि मिटाकर नई तिथि अंकित करने की तैयारी की जा रही थी।
कार्रवाई के दौरान गोदाम को सील कर दिया गया था। आज गोदाम खुलवाकर नष्टीकरण की कार्रवाई की गई। निरीक्षण में अतिरिक्त अवधिपार सामग्री भी पाई गई है, जिसे उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार सोमवार को नष्ट किया जाएगा। तब तक के लिए गोदाम को पुनः सील कर दिया गया है।
इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुशील चोटवानी, विनोद थारवान, राजेश नागर, नंद किशोर कुमावत, अवधेश गुप्ता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

