बीकानेर में मिलावट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई केंद्रीय दल ने घी फैक्ट्री पर मारा छापा 765 किलो संदिग्ध घी सीज, बाजार भाव से कम दाम पर हो रही थी बिक्री

 


जयपुर, 21 फरवरी। प्रदेश में मिलावटखोरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बीकानेर जिले के नोखा में बड़ी कार्रवाई की गई। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की पहल और चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के निर्देशन में गठित केंद्रीय दल ने नोखा रीको इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक घी फैक्ट्री पर छापा मारकर 765 किलो संदिग्ध घी जब्त किया।

खाद्य सुरक्षा आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देश पर अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह एवं सीएमएचओ डॉ. पुखराज के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। टीम ने मैसर्स श्री मारुती फूड प्रोडक्ट में मिलावटी घी के उत्पादन की आशंका पर जांच की।

जांच में सामने आया कि फैक्ट्री संचालक गुजरात से क्रीम मंगाकर उसे गर्म कर घी तैयार कर रहा था। यह घी ‘टुडे चॉइस’ ब्रांड नाम से 410-420 रुपये प्रति लीटर में बेचा जा रहा था, जबकि बाजार में शुद्ध घी का भाव करीब 525 रुपये प्रति लीटर है।

संदेह के आधार पर एफएसएस एक्ट के तहत घी का नमूना लिया गया और 765 किलो घी सीज किया गया।

इसके अलावा बीकानेर शहर के फड़ बाजार स्थित मैसर्स युवराज फूड प्रोडक्ट से नमकीन और केसर बाटी के नमूने तथा खारा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित NUCHEM फूड से रिफाइंड ग्राउंडनट ऑयल का नमूना भी जांच के लिए लिया गया है।

जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Previous Post Next Post