जयपुर, 22 फरवरी 2026।
राजधानी जयपुर के विद्याधर नगर में आज अखिल भारतीय यादव महासभा – विधि प्रकोष्ठ, राजस्थान द्वारा फिल्म “यादव जी की लव स्टोरी” के विरोध में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। आगामी 27 फरवरी को प्रस्तावित रिलीज़ को लेकर यादव समाज के विभिन्न वर्गों में असंतोष जताया गया और फिल्म के प्रसारण व रिलीज़ पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने की मांग की गई।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. उमराव सिंह यादव ने कहा कि देशभर में समाज द्वारा संवैधानिक तरीके से विरोध दर्ज कराया जा रहा है। संगठन के अध्यक्ष डॉ. उमराव सिंह यादव ने आरोप लगाया कि फिल्म के माध्यम से यादव समाज की प्रतिष्ठा को धूमिल करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने सरकार से मांग की कि फिल्म के आपत्तिजनक कंटेंट को तुरंत हटाया जाए, अन्यथा रिलीज़ पर रोक लगाई जाए।
संगठन की ओर से बताया गया कि राजस्थान सहित पूरे देश में मुख्यमंत्री, राज्यपाल, प्रधानमंत्री एवं राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भेजे जा रहे हैं। साथ ही सभी जिला मुख्यालयों पर जिला कलेक्टरों एवं उपखंड अधिकारियों को भी ज्ञापन सौंपे जा रहे हैं।
महासभा ने यह भी स्पष्ट किया कि फिल्म से जुड़े जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध विधिक प्रक्रिया के तहत नामजद शिकायतें एवं एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है। यदि आपत्तिजनक अंश नहीं हटाए गए तो विरोध को और व्यापक किया जाएगा।
इस अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष एडवोकेट रामचंद्र यादव, संगठन महासचिव नरेंद्र यादव, सलाहकार विनोद यादव भी उपस्थित रहे और मीडिया के प्रश्नों के उत्तर दिए।
महासभा ने प्रदेशवासियों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि उनका विरोध पूरी तरह शांतिपूर्ण, संवैधानिक और कानून के दायरे में रहेगा। साथ ही सरकार से विषय की निष्पक्ष समीक्षा करने का आग्रह किया गया।

