सदन की कार्यवाही से पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भाजपा विधायक दल की बैठक को किया संबोधित

 



जयपुर, 03 फरवरी।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मंगलवार को राजस्थान विधानसभा पहुंचे। सदन की कार्यवाही प्रारंभ होने से पूर्व उन्होंने हां पक्ष लॉबी में आयोजित भाजपा विधायक दल की बैठक को संबोधित किया। बैठक के प्रारंभ में पूर्व कैबिनेट मंत्री हेम सिंह भड़ाणा एवं पूर्व विधायक रामलाल मेघवाल के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

मुख्यमंत्री ने मंत्रियों एवं विधायकों को सदन की कार्यवाही में नियमित और प्रभावी उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा सत्र का अधिकतम उपयोग आमजन के हितों से जुड़े मुद्दों को उठाने में किया जाए। सदन में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विधायकों की उन्होंने सराहना भी की।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट राजस्थान की प्रगति और विकास को नई दिशा देगा। बजट में पर्यटन, उद्योग, आईटी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्रों में किए गए प्रावधानों से प्रदेश में निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने रेलवे क्षेत्र में राजस्थान के लिए 10 हजार करोड़ रुपये के बजटीय प्रावधान का विशेष उल्लेख किया।



मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बीते दो वर्षों में सरकारी योजनाओं का जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने आमजन से राज्य में आयोजित हो रहे ग्राम उत्थान शिविरों का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।

बैठक में मंत्रीगण एवं भाजपा विधायक उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post