जयपुर, 22 जनवरी।
जयपुर में 13 वर्षों के अंतराल के बाद जिनेश्वरी दीक्षा का भव्य और ऐतिहासिक आयोजन होने जा रहा है। साधना महोदधि, अन्तर्मना आचार्य 108 प्रसन्न सागर महाराज ससंघ के सानिध्य में रविवार 25 जनवरी को मानसरोवर के शिप्रा पथ स्थित वीटी रोड पर राजस्थान आवासन मंडल के ग्राउंड में जिनेश्वरी दीक्षा संपन्न होगी। इसके साथ ही 25 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक आठ दिवसीय भगवत जिनेन्द्र महा अर्चना महोत्सव एवं विश्व शांति महायज्ञ अनुष्ठान (श्री 1008 चारित्र शुद्धि महामण्डल विधान) का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर सकल दिगम्बर जैन समाज में विशेष उत्साह का माहौल है और तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
गुरुवार को दिगम्बर जैन मंदिर, गायत्री नगर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में आचार्य प्रसन्न सागर महाराज ने कहा कि संत की यात्रा मंदिर से प्रारंभ होकर मोक्ष अर्थात परमात्मा तक जाती है, जबकि सामान्य मानव की यात्रा घर से मरघट तक सीमित रहती है। दिगम्बर जैन संत जैसा बाहर होता है, वैसा ही भीतर भी होता है। दिगम्बर मुद्रा संसार का सबसे बड़ा त्याग है। उन्होंने कहा कि चारित्र शुद्धि महामण्डल विधान मन की शुद्धि और जीवन में हुए पापों के प्रायश्चित का श्रेष्ठ माध्यम है।
आचार्य श्री ने बताया कि रविवार 25 जनवरी को प्रातः 10 बजे जिनेश्वरी दीक्षा महोत्सव आयोजित होगा, जिसमें संघस्थ क्षुल्लक 105 वर्णी नैगम सागर महाराज को मुनि दीक्षा तथा क्षुल्लिका 105 व्रत प्रभा माताजी को आर्यिका दीक्षा प्रदान की जाएगी। 13 वर्षों बाद हो रही इस दीक्षा से जयपुर सहित प्रदेशभर के जैन समाज में विशेष उल्लास देखा जा रहा है।
आयोजन समिति के अनुसार आयोजन स्थल पर 40 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में सात विशाल डोम बनाए जा रहे हैं। पूजा के लिए 450 गुणा 132 फीट का मुख्य पंडाल तथा तीन स्टेप में 100 गुणा 100 फीट का भव्य मंच तैयार किया जा रहा है। आयोजन की व्यवस्थाओं के लिए 19 सदस्यीय महोत्सव समिति एवं 33 व्यवस्था समितियों का गठन किया गया है।
आचार्य श्री ससंघ के सानिध्य में जयपुर में पहली बार रविवार 1 फरवरी को विवाह अणुव्रत संस्कार शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में 5 से 20 वर्ष के वैवाहिक जीवन वाले दंपत्तियों को वैवाहिक मर्यादा, आपसी समन्वय, सामंजस्य और सफल दांपत्य जीवन के सूत्र बताए जाएंगे।
संवाददाता सम्मेलन के दौरान जिनेश्वरी दीक्षा, भगवत जिनेन्द्र महा अर्चना महोत्सव, विश्व शांति महायज्ञ अनुष्ठान एवं विवाह अणुव्रत संस्कार शिविर के बहुरंगीय पोस्टर का विमोचन किया गया। इस अवसर पर आयोजन समिति के पदाधिकारी एवं समाज के बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





