एचसीजी कैंसर सेंटर, जयपुर में 8.5 किलो और 40×40 सेमी के जांघ के विशाल ट्यूमर का सफल ऑपरेशन




जयपुर:

एचसीजी कैंसर सेंटर, जयपुर ने कैंसर सर्जरी के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण मेडिकल उपलब्धि हासिल की है। सेंटर के सर्जिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. निखिल मेहता और उनकी टीम डॉ. कपिल शर्मा, डॉ. ओ पी जाट, डॉ. मनोज बंसल ने 49 वर्षीय महिला मरीज की दाहिनी जांघ के अंदरूनी हिस्से (मेडियल कंपार्टमेंट) में मौजूद विशाल लिपोसारकोमा को सफलतापूर्वक सर्जरी के जरिए बाहर निकाला।


इस ट्यूमर का आकार लगभग 40×40 सेंटीमीटर और वजन 8.5 किलोग्राम था, जिसे अब तक रिपोर्ट किए गए जांघ के सबसे बड़े सॉफ्ट टिश्यू सारकोमा के रूप में माना जा रहा है।

मरीज पिछले 8 वर्षों से इस समस्या से जूझ रही थी। समय के साथ ट्यूमर इतना बड़ा हो गया कि मरीज को लगातार दर्द, गंभीर शारीरिक परेशानी और चलने-फिरने में भारी दिक्कत होने लगी। हालत यह थी कि मरीज कई वर्षों से ठीक से चल भी नहीं पा रही थी।



जांच में सामने आया कि यह ट्यूमर अत्यधिक रक्तसंचारित (हाईली वैस्कुलर) था और फेमोरल नसों तथा प्रमुख रक्त वाहिकाओं के बहुत पास स्थित था। इसकी वजह से सर्जरी काफी जटिल और चुनौतीपूर्ण थी। इसके बावजूद विशेषज्ञ टीम ने पूरी सावधानी के साथ इसे सफलतापूर्वक निकाल लिया।

डॉ. नरेश सोमानी, डायरेक्टर – ऑन्कोलॉजी, एचसीजी कैंसर सेंटर, जयपुर ने कहा,

"इस तरह के बड़े और एडवांस सॉफ्ट टिश्यू सारकोमा मरीज की जिंदगी को गंभीर रूप से प्रभावित कर देते हैं। एचसीजी कैंसर सेंटर, जयपुर में हमारे पास एडवांस तकनीक और अनुभवी डॉक्टरों की टीम है, जिसकी मदद से ऐसे जटिल केसों का भी सफल इलाज संभव है।"

सर्जरी डॉ. निखिल मेहता ने अपनी अनुभवी टीम के साथ एलिप्टिकल चीरा लगाकर की। सर्जरी के बाद मरीज में काफी सुधार देखने को मिला। मरीज अब बिना किसी सहारे के चल पा रही हैं और उन्हें सर्जरी के तीसरे दिन अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

डॉ. निखिल मेहता ने बताया,

"लिपोसारकोमा एक दुर्लभ लेकिन गंभीर कैंसर है। यदि समय पर इसका पता न चले, तो यह मरीज को लंबे समय तक शारीरिक परेशानी में डाल सकता है। इस केस में ट्यूमर का आकार और वजन सर्जरी को अत्यंत चुनौतीपूर्ण बना रहा था, लेकिन सही योजना और टीमवर्क से हमने मरीज को फिर से चलने योग्य बनाया।"

यह केस स्पष्ट रूप से दिखाता है कि समय पर जांच, सही इलाज और अनुभवी कैंसर सेंटर मरीज की जीवन गुणवत्ता और स्वास्थ्य दोनों को बेहतर बना सकते हैं।

एचसीजी कैंसर सेंटर, जयपुर एडवांस कैंसर केयर, अनुभवी ऑन्कोलॉजिस्ट और मल्टी-डिसिप्लिनरी अप्रोच के साथ मरीजों को सर्वश्रेष्ठ इलाज देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Previous Post Next Post