जयपुर।
जयपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड (JCTSL) के कर्मचारियों ने अपनी लंबित 14 सूत्रीय मांगों को लेकर बुधवार को जिला कलेक्ट्रेट (DLB) पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन JCTSL मजदूर कांग्रेस (INTUC) के बैनर तले आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने नई बसों की खरीद, नई भर्तियों की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने, ग्रेच्युटी एक्ट को लागू करने, चालकों के मर्जर, निरीक्षण प्रणाली में सुधार तथा एनपीएस के बकाया अंशदान को जमा कराने सहित अन्य मांगों को लेकर नारेबाजी की।
कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से उनकी मांगें लंबित हैं, लेकिन बार-बार ज्ञापन देने के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि JCTSL के कर्मचारी शहर की परिवहन व्यवस्था की रीढ़ हैं, लेकिन उनके अधिकारों और सुविधाओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। प्रदर्शन के बाद कर्मचारियों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा।
