इंडिया स्टोन मार्ट 2026 में केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल का विज़िट; दो दिवसीय जयपुर आर्किटेक्चर फेस्टिवल 2026 का भव्य समापन

 


जयपुर। लघु उद्योग भारती, सीडॉस और रीको के संयुक्त तत्वावधान में जयपुर एग्ज़ीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (जेईसीसी), सीतापुरा में आयोजित इंडिया स्टोन मार्ट 2026 के समानांतर चल रहे जयपुर आर्किटेक्चर फेस्टिवल 2026 का सफलतापूर्वक समापन हो गया। दो दिवसीय इस राष्ट्रीय फेस्टिवल का समापन समारोह केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री अर्जुन राम मेघवाल के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ।

फेस्टिवल के समापन दिवस पर केंद्रीय मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल ने जेईसीसी पहुंचकर इंडिया स्टोन मार्ट 2026 की भव्य प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसके पश्चात उन्होंने जयपुर आर्किटेक्चर फेस्टिवल के क्लोज़िंग सेशन में भाग लेकर फेस्टिवल का औपचारिक समापन किया।


केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल का संबोधन

समापन सत्र को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि “स्टोन, आर्किटेक्चर और शहरी विकास भारत की आर्थिक और सांस्कृतिक शक्ति के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। जयपुर आर्किटेक्चर फेस्टिवल जैसे मंच नीति, डिज़ाइन और उद्योग के बीच संवाद को मजबूती प्रदान करते हैं।”

उन्होंने राजस्थान के स्टोन उद्योग की राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय भूमिका को रेखांकित करते हुए सस्टेनेबल माइनिंग, वैल्यू एडिशन और आधुनिक तकनीकों को अपनाने पर विशेष ज़ोर दिया।




जयपुर आर्किटेक्चर फेस्टिवल 2026: दूसरा दिन और समापन

फेस्टिवल के दूसरे और अंतिम दिन मास्टर स्पीक सेशंस, पैनल डिस्कशन्स और स्टूडेंट इंस्टॉलेशन्स आकर्षण का केंद्र रहे।

प्रख्यात आर्किटेक्ट जितेंद्र मेहता ने “इंदौर डेवलपमेंट मॉडल” पर आधारित अपने सत्र में संतुलित शहरी नियोजन, नागरिक सहभागिता और टिकाऊ इंफ्रास्ट्रक्चर के माध्यम से इंदौर के देशभर में आदर्श मॉडल के रूप में उभरने की प्रक्रिया को विस्तार से साझा किया।

इसके अतिरिक्त “रिइनवेंटिंग लोकल स्टोन विद मॉडर्न कंस्ट्रक्शन टेक्नोलॉजीज़” और “स्टोन इन द एज ऑफ ग्लास एंड स्टील” जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने विचार रखे। इन सत्रों में राजस्थान के स्थानीय पत्थरों की आधुनिक वास्तुकला में बढ़ती उपयोगिता और संभावनाओं पर विशेष चर्चा हुई।

आंध्र प्रदेश के खान मंत्री कोल्लू रविंद्र गरु की उपस्थिति

जयपुर आर्किटेक्चर फेस्टिवल के समापन दिवस पर आंध्र प्रदेश के माननीय खान मंत्री श्री कोल्लू रविंद्र गरु ने भी इंडिया स्टोन मार्ट 2026 में शिरकत की।

उन्होंने अपने संबोधन में इंडिया स्टोन मार्ट 2026 को दूरदर्शी और समय की आवश्यकता से जुड़ा आयोजन बताते हुए कहा कि यह मंच केवल व्यापार तक सीमित नहीं है, बल्कि सस्टेनेबिलिटी और पर्यावरणीय जिम्मेदारी से भी गहराई से जुड़ा हुआ है।

मंत्री श्री कोल्लू रविंद्र गरु ने स्टोन एवं माइन्स सेक्टर में तकनीकी नवाचार, रिसोर्स मैनेजमेंट और इको-फ्रेंडली प्रैक्टिसेज़ को अपनाने पर ज़ोर देते हुए विश्वास जताया कि इंडिया स्टोन मार्ट जैसे आयोजनों से निकलने वाली भविष्य की परियोजनाएं आर्थिक विकास के साथ-साथ पर्यावरण संतुलन को भी प्राथमिकता देंगी।

स्टूडेंट्स और युवा आर्किटेक्ट्स की सक्रिय भागीदारी

जयपुर आर्किटेक्चर फेस्टिवल 2026 में आर्किटेक्चर छात्रों द्वारा प्रस्तुत डिज़ाइन इंस्टॉलेशन्स को विशेषज्ञों और वरिष्ठ आर्किटेक्ट्स ने सराहा। छात्रों के साथ सीधा संवाद, मार्गदर्शन और फीडबैक इस फेस्टिवल की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल रहा।

स्टोन, आर्किटेक्चर और भविष्य के शहर

इंडिया स्टोन मार्ट 2026 के साथ आयोजित जयपुर आर्किटेक्चर फेस्टिवल 2026 ने स्टोन इंडस्ट्री, वास्तुकला और शहरी विकास के बीच एक सशक्त सेतु के रूप में अपनी पहचान बनाई। दो दिनों तक चले इस फेस्टिवल में भविष्य के शहरों, टिकाऊ निर्माण और भारतीय स्टोन की वैश्विक भूमिका पर व्यापक और सार्थक विमर्श हुआ।

Previous Post Next Post