ज्वैलर्स एसोसिएशन प्रीमियर लीग सीजन-2 का समापन, खटोरिया सुपर किंग्स बनी विजेता

 


जयपुर, 30 मार्च। ज्वैलर्स एसोसिएशन जयपुर की ओर से आयोजित ज्वैलर्स एसोसिएशन प्रीमियर लीग (जेएपीएल) सीजन-2 का धमाकेदार मुकाबलों के साथ समापन हो गया। एस.जे. पब्लिक स्कूल में आयोजित इस क्रिकेट लीग में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचक मैचों का आनंद दिया।

लीग के पहले दिन कुल 18 और दूसरे दिन 12 मैच खेले गए। प्रतियोगिता में जेम्स बाय वीसीएल, धुरंधर ज्वेल्स बाय सिफोरा, लीजेंड यूनाइटेड और खटोरिया सुपर किंग्स टीमों ने सेमीफाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबले में धुरंधर ज्वेल्स बाय सिफोरा और खटोरिया सुपर किंग्स के बीच कड़ा मुकाबला हुआ, जिसमें खटोरिया सुपर किंग्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत का खिताब अपने नाम किया, जबकि धुरंधर ज्वेल्स बाय सिफोरा उपविजेता रही।



विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके साथ ही मैन ऑफ द सीरीज, बेस्ट बैट्समैन, बेस्ट बॉलर और बेस्ट इमर्जिंग प्लेयर के पुरस्कार भी खिलाड़ियों को दिए गए।

इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष आलोक सौंखिया ने बताया कि प्रत्येक लीग मैच में मैन ऑफ द मैच की ट्रॉफी प्रदान की गई। समापन दिवस पर युवाओं के दो फ्रेंडली मैच भी आयोजित किए गए, साथ ही एसोसिएशन कमेटी, पूर्व अध्यक्षों और पूर्व सचिवों की टीमों के बीच भी मैच खेले गए।

जेएवाय के संयोजक गोविन्द कुमार गुप्ता ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन, विशेषकर क्रिकेट लीग का मुख्य उद्देश्य सोशल मीडिया के इस दौर में युवा जौहरियों के बीच आपसी संपर्क और सामंजस्य बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि इस सत्र में 400 से अधिक नए युवा सदस्य एसोसिएशन से जुड़े हैं।

Previous Post Next Post