जयपुर, 28 फरवरी। हेल्थ अवेयरनेस और प्रिवेंटिव हेल्थकेयर पर केंद्रित Global Health and Wellness Festival 2026 (जीएचडब्ल्यूएफ) 2026 का शुभारंभ आज Birla Auditorium में भव्य रूप से हुआ। “लोकल से ग्लोबल” थीम के साथ आयोजित इस मेगा फेस्टिवल में पहले ही दिन 5 वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज किए गए, जिसने जयपुरवासियों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।
फेस्टिवल के फाउंडर हिम्मत सिंह नाथावत ने बताया कि जस्ट हेल्थ एंड वेलनेस (जेएचडब्ल्यू) की अगुवाई में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन फर्स्ट इंडिया न्यूज़ चैनल के सीईओ जगदीश चंद्र कातिल ने किया। कार्यक्रम में राजीव अरोड़ा, अरिंदम सिन्हा (जोनल हेड, केयर हेल्थ इंश्योरेंस), सुरेश अग्रवाल (फोर्टी प्रेजिडेंट), राजू मंगोड़ीवाला, आयुष कोगटा (कोगटा फाउंडेशन), डॉ. सीताराम गुप्ता (फाउंडर, गौमाया), आर.के. गुप्ता (प्रेसिडेंट, राजस्थान चैप्टर, पीएचडी चैंबर), नारायण अस्पताल के फैसिलिटी डायरेक्टर, बलविंदर सिंह वालिया और मेजर जनरल लाछड़ी सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
पहले दिन बने 5 वर्ल्ड रिकॉर्ड
वर्ल्ड रिकॉर्ड प्रतिनिधि योगेश मित्तल के अनुसार पहले दिन दर्ज उपलब्धियों में—
26 योग साधकों द्वारा 2600 सूर्य नमस्कार।
1000 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों की हेल्दी लाइफस्टाइल टॉक शो में सहभागिता।
100 से अधिक कॉर्पोरेट प्रतिनिधियों द्वारा एक मंच पर वर्क-लाइफ बैलेंस एवं स्ट्रेस मैनेजमेंट सत्र में भागीदारी।
जयपुर में विश्व के प्रथम अंगदाता स्मारक की स्थापना।
एक मिनट में सर्वाधिक लोगों द्वारा अंगदान शपथ ग्रहण।
हेल्थ टॉक्स और विशेषज्ञ सत्र
डॉ. सीताराम गुप्ता ने ग्लोबल वार्मिंग और नेट-ज़ीरो की दिशा में पारंपरिक प्रणालियों में बदलाव की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। डॉ. पीएम भारद्वाज ने “मानव जीवन का उद्देश्य” विषय पर आत्मिक संतुलन और सकारात्मक जीवन दृष्टि की महत्ता बताई। डॉ. राजा मुकीम ने संतुलित जीवनशैली और प्राकृतिक पद्धतियों से स्वस्थ रहने के उपाय साझा किए।
“हार्ट एंड होप – दिल की धड़कन, जिंदगी की उम्मीद” सत्र में डॉ. देवेंद्र कुमार श्रीमल, डॉ. प्रशांत महावीर पेडिया, डॉ. रोहित स्वामी और डॉ. पामरिन गोयल ने हृदय रोग और कैंसर से बचाव पर महत्वपूर्ण जानकारी दी। “हीलिंग विदाउट फियर” सत्र में आधुनिक सर्जरी तकनीकों को लेकर भ्रांतियों को दूर किया गया।
कोड रेड रेडी टॉक शो” और “लाइफ बियॉन्ड वर्क – हार्ट एंड ह्यूमैनिटी कॉन्क्लेव” में आपातकालीन स्वास्थ्य प्रबंधन, कॉर्पोरेट जिम्मेदारी और अस्पताल प्रबंधन पर चर्चा हुई। डॉ. अंशुल पटोदिया द्वारा बेसिक लाइफ सपोर्ट (सीपीआर) प्रशिक्षण दिया गया। “गिफ्ट ऑफ लाइफ” टॉक शो में अंगदान के कानूनी और चिकित्सीय पहलुओं पर विशेषज्ञों ने विचार रखे।
कार्यक्रम में Malaviya National Institute of Technology Jaipur (एमएनआईटी) के प्रतिनिधियों सहित कई विशिष्ट अतिथियों का सम्मान किया गया।
फेस्टिवल के दौरान हेल्थ चेकअप कैंप, मेडिकल एग्जीबिशन, बीएलएस ट्रेनिंग और अंगदान जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। आयोजकों के अनुसार, प्रवेश निःशुल्क है और प्रत्येक पंजीकृत प्रतिभागी को लगभग ₹15,000 मूल्य की हेल्थकेयर बेनिफिट बुकलेट प्रदान की जा रही है, जिससे वे वर्षभर संबद्ध अस्पतालों में सेवाओं का लाभ ले सकेंगे।
आयोजकों का कहना है कि यह फेस्टिवल स्वास्थ्य जागरूकता को जन-आंदोलन बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।


