Government Ramchandra Khetan Polytechnic College में खेलकूद महोत्सव 2026 का समापन, कंप्यूटर ब्रांच का दबदबा

 


जयपुर। Government Ramchandra Khetan Polytechnic College में आयोजित खेलकूद महोत्सव 2026 के अंतिम दिन कंप्यूटर ब्रांच का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। पूरे महोत्सव के दौरान बेहतर खेल भावना और उत्साह के साथ भाग लेते हुए कंप्यूटर ब्रांच ने कई प्रतियोगिताओं में मेडल अपने नाम किए।

खेलकूद महोत्सव का समापन खेतान पॉलिटेक्निक कॉलेज जयपुर एलुमिनाई एसोसिएशन के सौजन्य से आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि धर्मेंद्र शर्मा (निदेशक, श्रेष्ठा कंसलटेंट) एवं विशिष्ट अतिथि एलुमिनाई एसोसिएशन के महासचिव दिनेश चंद सैनी रहे। सभी अतिथियों, फैकल्टी सदस्यों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति में विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत कबड्डी छात्राओं के फाइनल मैच से हुई, जिसका उद्घाटन प्राचार्य श्री विनोद जांगिड़ ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला और नियमित खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।


स्पोर्ट्स ऑफिसर शैलेंद्र शुक्ला ने बताया कि शनिवार को सभी फाइनल मुकाबले खेले गए। कबड्डी के फाइनल में कंप्यूटर ब्रांच की छात्राओं ने अन्य ब्रांच की संयुक्त टीम को 65-56 के स्कोर से हराकर रोमांचक जीत दर्ज की और विजेता का खिताब अपने नाम किया। अन्य ब्रांच की संयुक्त टीम उपविजेता रही।




मीडिया प्रभारी रंजन कुमार के अनुसार कबड्डी के अलावा वॉलीबॉल, रस्साकशी, कैरम और शतरंज के फाइनल मुकाबले भी अंतिम दिन आयोजित किए गए। वॉलीबॉल के रोमांचक फाइनल में कंप्यूटर टीम ने मैकेनिकल प्रोडक्शन व मैकेनिकल रेफ्रिजरेशन की संयुक्त टीम को पहले सेट में पिछड़ने के बावजूद शानदार वापसी करते हुए अगले दोनों सेट जीतकर विजेता कप अपने नाम किया।

पूरे महोत्सव के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह, अनुशासन और खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन देखने को मिला। आयोजन समिति ने सभी प्रतिभागियों और सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

Previous Post Next Post