जयपुर
जयपुर स्थित राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) में क्यूरेटेड डिज़ाइन और डेकोर एग्जीबिशन ‘नाईन डॉट स्क्वायर्स’ के चौथे संस्करण का शुक्रवार को शुभारंभ हुआ। उद्घाटन उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने किया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह एग्जीबिशन प्रदेश के शिल्पकारों, कारीगरों, डिजाइनर्स और आर्किटेक्ट्स के लिए अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सशक्त मंच है। ऐसे क्यूरेटेड प्लेटफॉर्म्स जयपुर को डिजाइन और क्रिएटिविटी के उभरते हब के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान की समृद्ध कला-संस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाने में इस तरह के आयोजनों की अहम भूमिका है। साथ ही, उन्होंने वर्ष 2027 में जयपुर के 300 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भव्य आयोजनों की आवश्यकता भी जताई।
आर्ट थैरेपी और वर्कशॉप्स का आकर्षण
एग्जीबिशन के दौरान आर्ट और डिजाइन आधारित वर्कशॉप्स खास आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। पहले दिन ‘द क्ले एडिट’ और ‘मेटल ओरिगामी’ वर्कशॉप्स आयोजित की गईं, जिनमें प्रतिभागियों ने क्ले आर्ट और मेटल शीट्स से क्रिएटिव डिज़ाइन तैयार करने की तकनीक सीखी।
हैंडक्राफ्टेड और इनोवेटिव डिज़ाइन्स का संगम
एग्जीबिशन में हैंडक्राफ्टेड लक्ज़री फर्नीचर की विशेष रेंज प्रदर्शित की जा रही है, जिसमें बोन इनले, लेदर-क्लैड, मेटल स्कल्प्चर, हैंड-पेंटेड सरफेस और वुडन क्राफ्ट का बेहतरीन संयोजन देखने को मिल रहा है। हाई-एंड मार्बल टेबल्स और आधुनिक वॉल डेकोर में मेटल रिपोस, अल्कोहॉल इंक आर्ट, ऑयल कैनवास और मार्बल इनले प्रमुख आकर्षण हैं
एग्जीबिशन का उद्देश्य उभरते डिजाइनर्स को मंच देना और पारंपरिक शिल्प को आधुनिक डिजाइन से जोड़ना है। यह आयोजन न केवल एक एग्जीबिशन है, बल्कि एक रिटेल प्लेटफॉर्म भी है, जहां प्रदर्शित उत्पाद खरीद के लिए उपलब्ध हैं। एग्जीबिशन 12 अप्रैल तक प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक खुली रहेगी।


















