विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस पर जागरूकता अभियान, जवाहर सर्किल पर 1000 नागरिकों को दी खाद्य सुरक्षा की जानकारी

 


जयपुर, 7 जून। विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस के अवसर पर आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देशानुसार सीएमएचओ जयपुर द्वितीय की फूड सेफ्टी टीम ने रविवार को जवाहर सर्किल पर विशेष जागरूकता अभियान चलाकर आमजन को सुरक्षित भोजन और खाद्य मिलावट से बचाव के बारे में जागरूक किया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि अभियान के दौरान मॉर्निंग वॉक पर आए करीब 800 से 1000 नागरिकों को खाद्य सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। विभाग द्वारा तैयार आईईसी सामग्री के तहत पैंफलेट, ब्रोशर तथा घर बैठे खाद्य पदार्थों में मिलावट की पहचान करने के लिए डार्ट बुक का वितरण किया गया।

इस दौरान फूड सेफ्टी ऑन व्हील मोबाइल टेस्टिंग लैब के माध्यम से लोगों को खाद्य पदार्थों में मिलावट की जांच की प्रक्रिया समझाई गई। लैब में दूध, मावा, पनीर एवं मसालों सहित 15 खाद्य नमूनों की जांच भी की गई।

कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित संगोष्ठी में संयुक्त आयुक्त खाद्य सुरक्षा डॉ. वी.पी. शर्मा ने इस वर्ष की थीम "चुनौतियों से समाधान की ओर : सभी के लिए सुरक्षित भोजन" पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने ईट राइट इंडिया अभियान, गुड फूड-बैड फूड की अवधारणा तथा संतुलित खानपान के महत्व पर प्रकाश डाला। साथ ही मोटे अनाज (मिलेट्स) के सेवन को बढ़ावा देने, तेल, चीनी और नमक की मात्रा कम करने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर बीमारियों से बचाव के उपाय बताए।

लोगों को मिलेट्स से तैयार बिस्किट, चॉकलेट बार, मुरमुरे और छाछ का वितरण कर दैनिक आहार में मोटे अनाज को शामिल करने का संदेश दिया गया।

फूड सेफ्टी टीम ने जवाहर सर्किल स्थित चौपाटी के लगभग दो दर्जन फूड स्टॉल का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान स्टॉल संचालकों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री का उपयोग करने, खाद्य पदार्थों को ढककर रखने, फूड लाइसेंस प्रदर्शित करने तथा भीषण गर्मी को देखते हुए आलू और मैदा से तैयार खाद्य पदार्थों को उचित तापमान पर सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही दो घंटे से अधिक समय तक रखी गई खाद्य सामग्री का उपयोग नहीं करने की हिदायत दी गई।

अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुशील चोटवानी, विनोद थारवान, रमेश यादव, नंद किशोर कुमावत, अवधेश गुप्ता, राजेश नागर तथा प्रशिक्षु खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

Previous Post Next Post