जयपुर। गोमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर देशभर में चलाए जा रहे गौ माता सम्मान आह्वान अभियान के दूसरे चरण की सफलता के लिए गुरुवार को सांगानेर स्थित श्री पिंजरापोल गौशाला के सुरभि भवन में तीन दिवसीय गौ कथा का शुभारंभ हुआ। कामधेनु गौ भक्त महिला मंडल, जयपुर के तत्वावधान में आयोजित कथा के प्रथम दिन गौमाता के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।
गौ सेवक एवं संवाददाता भानु गौतम ने बताया कि कथा का आयोजन 13 जून तक प्रतिदिन शाम 5 बजे से रात्रि 8 बजे तक किया जाएगा। कथा के दौरान प्रदेशभर से आने वाले संत-महात्मा श्रद्धालुओं को गौ संरक्षण, गौ संवर्धन और राष्ट्रव्यापी जनजागरण अभियान की जानकारी देंगे तथा अधिकाधिक लोगों को इस अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित करेंगे।
उन्होंने बताया कि कथा के माध्यम से गौ सेवा को जनआंदोलन का स्वरूप देने, गोमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने तथा समाज में गौ संरक्षण के प्रति व्यापक जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।



