जयपुर। वैशाली विस्तार स्थित मुख्यमंत्री जन आवास योजना (CMJAY) के तहत विकसित केडियाज 'द कोठी' आवासीय सोसाइटी के निवासियों ने सोसाइटी के सामने शुरू की गई शराब की दुकान का विरोध किया है। इस संबंध में समाज सेविका सरोज चौधरी एवं सोसाइटी के निवासियों ने प्रशासन से दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की है।
निवासियों के अनुसार केडियाज 'द कोठी' में 1037 आवासीय इकाइयां हैं और वर्तमान में यहां 600 से अधिक परिवार निवास कर रहे हैं। हाल ही में सोसाइटी के मुख्य प्रवेश मार्ग के सामने संचालित एक जनरल स्टोर को हटाकर वहां शराब की दुकान शुरू कर दी गई है, जिससे क्षेत्र के लोगों में चिंता और नाराजगी व्याप्त है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शराब की दुकान के निकट एक मंदिर भी स्थित है, जहां प्रतिदिन महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और श्रद्धालुओं का आवागमन रहता है। ऐसे में आवासीय क्षेत्र और धार्मिक स्थल के समीप शराब की दुकान का संचालन सामाजिक और सांस्कृतिक दृष्टि से उचित नहीं है।
निवासियों ने आशंका जताई है कि दुकान के संचालन से महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा भावना प्रभावित हो सकती है तथा बच्चों के लिए स्वस्थ और सकारात्मक वातावरण पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है। साथ ही क्षेत्र की सामाजिक गरिमा और शांतिपूर्ण पारिवारिक माहौल भी प्रभावित होने की संभावना है।
सोसाइटी के निवासियों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों से जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए शराब की दुकान को तत्काल प्रभाव से किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री जन आवास योजना की मूल भावना सुरक्षित, शांत और परिवारों के अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना है, जिसे बनाए रखना आवश्यक है।
Tags
Jaipur



