विश्व पर्यावरण दिवस पर जयपुर वन्यजीव चिड़ियाघर मंडल में वृहद सफाई एवं पौधारोपण अभियान

 


जयपुर, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जयपुर वन्यजीव चिड़ियाघर मंडल में उप वन संरक्षक (DCF) वन्यजीव एवं चिड़ियाघर जयपुर विजयपाल सिंह के निर्देशन में विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक सफाई, पौधारोपण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सैकड़ों लोगों ने स्वच्छता और हरियाली बढ़ाने के संकल्प लिए।


हाथीगाँव क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम के तहत ‘ले मेरिडियन’ होटल के स्वयंसेवकों ने सहायक वन संरक्षक (ACF) प्राची चौधरी तथा रेंजर गौरव कुमार के नेतृत्व में विशेष पौधारोपण अभियान चलाया। अभियान के दौरान परिसर में 40 छायादार एवं औषधीय पौधे लगाए गए। स्वयंसेवकों ने पौधों की देखभाल का भी संकल्प लिया।

वहीं, नाहरगढ़ जैविक उद्यान (बायोलॉजिकल पार्क) में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। इसके पश्चात ACF प्राची चौधरी, देवेन्द्र सिंह राठौड़ और रेंजर शुभम शर्मा की उपस्थिति में विभागीय कर्मचारियों, ईडीसी सदस्यों तथा इंडाना होटल्स ग्रुप के स्टाफ ने बरगद, पीपल और जामुन सहित 31 पौधों का रोपण किया। अधिकारियों ने कहा कि जैव विविधता के संरक्षण के लिए पौधारोपण अत्यंत आवश्यक है।




नाहरगढ़ वन्यजीव अभ्यारण्य (बीड़ पापड़ लेपर्ड सफारी) में वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास को स्वच्छ बनाए रखने के उद्देश्य से रेंज स्टाफ और ‘होप एंड बियॉन्ड’ एनजीओ के सहयोग से संयुक्त सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए जामुन, शहतूत और पिलखन प्रजाति के पौधे लगाए गए।


उधर, जयपुर प्रादेशिक रेंज में आयोजित उपखण्ड स्तरीय मुख्य कार्यक्रम में पूर्व मंत्री कन्हैयालाल मीणा, वंदे गंगाजल प्रभारी हेमंत शर्मा, एसडीएम विकास प्रजापत, बीडीओ ज्योति तथा क्षेत्रीय वन अधिकारी जितेन्द्र सिंह शेखावत सहित बड़ी संख्या में जिप्सी ड्राइवरों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान माताजी मंदिर ट्रैक पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया तथा 11 पौधों का विधिवत रोपण किया गया। साथ ही सरोवर पूजन किया गया, पक्षियों के लिए परिंडे लगाए गए और उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के अंत में लोगों को तुलसी के पौधे वितरित कर पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।

उप वन संरक्षक विजयपाल सिंह ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि प्रकृति और पर्यावरण के प्रति हमारी जिम्मेदारी को याद दिलाने का अवसर है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इन कार्यक्रमों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और हरित विकास के प्रति समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित किया तथा लोगों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए प्रेरित किया।

Previous Post Next Post