जयपुर। राजधानी जयपुर के आरआईसी (RIC) स्थित मल्टीपरपज हॉल में RCWS की ओर से मैंगो फेस्टिवल-2026 का आयोजन किया गया। फेस्टिवल में 20 से अधिक दुर्लभ और लोकप्रिय आमों की प्रजातियों का प्रदर्शन किया गया, जिन्हें देखने और उनका स्वाद चखने के लिए बड़ी संख्या में आम प्रेमी पहुंचे।
फेस्टिवल में लाल मुनीर, गुलाब खास, हिमसागर, रसोल, बनाना आम, टपका और केसर समेत कई विशेष किस्मों के आम आकर्षण का केंद्र रहे। आगंतुकों ने न केवल विभिन्न किस्मों के आमों का स्वाद लिया, बल्कि उनकी विशेषताओं और उत्पादन से जुड़ी जानकारियां भी प्राप्त कीं। इनमें हिमसागर, गुलाब खास, टपका और केसर आम लोगों की पहली पसंद रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि योगाचार्य ढाकाराम सापकोटा ने स्वास्थ्य, योग और संतुलित जीवनशैली के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी से नियमित योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। इस दौरान स्वास्थ्य जागरूकता पर विशेष संवाद भी आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में नारायणा हॉस्पिटल के डॉ. बलविंदर सिंह वालिया, निम्स यूनिवर्सिटी की डायरेक्टर शोभा तोमर, रेलवे अधिकारी कैप्टन शशि किरण, मनोज मुद्गल, अलका गौड़, निमीशा भट्ट और सुमित तिवारी सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। विशेषज्ञों ने स्वास्थ्य, वित्तीय प्रबंधन और बेहतर जीवनशैली से जुड़े विषयों पर उपयोगी जानकारी साझा की। नारायणा हॉस्पिटल की ओर से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी गई, जबकि एक्सिस बैंक के प्रतिनिधियों ने बैंकिंग और वित्तीय प्रबंधन पर चर्चा की।
फेस्टिवल की मुख्य आयोजक संयोगिता राठौर और कविता कुड़ीवाल ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य केवल आमों की विभिन्न प्रजातियों का प्रदर्शन करना नहीं, बल्कि लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और महिला उद्यमिता को बढ़ावा देना भी है।
इस अवसर पर महिला उद्यमियों के स्टॉल लगाए गए, जहां उन्होंने अपने उत्पादों का प्रदर्शन किया। साथ ही आम से तैयार विभिन्न व्यंजन और रेसिपीज़ भी प्रदर्शित की गईं, जिन्हें लोगों ने खूब पसंद किया।
कार्यक्रम में ओनारिका एंटरटेनमेंट, एम्प्रेस क्लब और क्वींस क्लब के सहयोग से आयोजित मैंगो क्वीन प्रतियोगिता विशेष आकर्षण रही। प्रतियोगिता में महिलाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
इसके अलावा ड्रीम इफेक्ट फाउंडेशन के बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। आमों की अनूठी किस्मों, स्वास्थ्य संवाद, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों के साथ मैंगो फेस्टिवल 2026 लोगों के लिए यादगार आयोजन बन गया।
Tags
Jaipur















































