जयपुर में आज होगा SC/ST उद्यमियों के लिए विशेष जागरूकता एवं विक्रेता विकास कार्यक्रम

 



जयपुर, 7 जुलाई। भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (MSME) की पहल नेशनल SC-ST हब (NSSH) के तहत आज जयपुर में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (SC/ST) उद्यमियों के लिए उद्यमी जागरूकता एवं विशेष विक्रेता विकास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन नेशनल स्मॉल इंडस्ट्रीज कॉर्पोरेशन (NSIC) तथा डालित इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (DICCI), राजस्थान चैप्टर के सहयोग से डॉ. अम्बेडकर मेमोरियल वेलफेयर सोसायटी, झालाना इंस्टीट्यूशनल एरिया में होगा।


कार्यक्रम का उद्देश्य SC/ST उद्यमियों को सरकारी खरीद नीति, विक्रेता पंजीकरण, एमएसएमई योजनाओं, बैंकिंग एवं वित्तीय सहायता, गुणवत्ता मानकों, GeM पोर्टल, ई-टेंडरिंग और क्षमता निर्माण जैसी महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराना है। साथ ही उद्यमियों को विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों, सार्वजनिक उपक्रमों (CPSEs), वित्तीय संस्थानों और खरीद एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों से सीधे संवाद का अवसर भी मिलेगा।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एमएसएमई मंत्रालय की संयुक्त सचिव मर्सी एपाओ होंगी। वहीं NSIC के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक एस.एस. आचार्य, DICCI के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संजीव डांगी तथा उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य रोलिंग स्टॉक इंजीनियर शशि किरण विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा केंद्र एवं राज्य सरकार, विभिन्न CPSEs, बैंकों और औद्योगिक संगठनों के वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम में भाग लेंगे।

उद्घाटन सत्र में नेशनल SC-ST हब के महाप्रबंधक उमेश दीक्षित स्वागत उद्बोधन देंगे, जबकि राजस्थान एवं गुजरात के प्रभारी कुलदीप सिंह राजपूत नेशनल SC-ST हब की विभिन्न योजनाओं और अवसरों पर प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम का आयोजन DICCI राजस्थान चैप्टर के अध्यक्ष देवकीनंदन गोधा के नेतृत्व में किया जा रहा है।



कार्यक्रम में उद्योग विभाग, राजस्थान सरकार, GeM, भारतीय रेलवे, HRRL, NPCIL, FCI, REIL, CIPET, SBI, YES बैंक सहित कई संस्थानों के विशेषज्ञ तकनीकी सत्र लेंगे। इनमें सार्वजनिक खरीद नीति, विक्रेता पंजीकरण, GeM रजिस्ट्रेशन, ई-टेंडरिंग, गुणवत्ता मानक, बैंक ऋण, उद्यमिता विकास और ओपन हाउस इंटरैक्शन जैसे विषयों पर जानकारी दी जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान उद्यम पंजीकरण, GeM पंजीकरण, विक्रेता पंजीकरण और ई-टेंडरिंग सहायता के लिए विशेष हेल्प डेस्क भी संचालित की जाएगी। इसमें जयपुर और आसपास के जिलों से 200 से अधिक SC/ST उद्यमियों, एमएसएमई, महिला उद्यमियों, स्टार्टअप्स और स्वयं सहायता समूहों के शामिल होने की संभावना है।

आयोजकों के अनुसार यह कार्यक्रम सरकारी खरीद में SC/ST उद्यमियों की भागीदारी बढ़ाने, उन्हें नए बाजारों से जोड़ने और राजस्थान में समावेशी उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

Previous Post Next Post