जयपुर।
जनकल्याण को समर्पित राजस्थान सरकार के स्वर्णिम दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा द्वारा जयपुर स्थित जवाहर कला केंद्र में आयोजित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी एवं तीन दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर राज्य सरकार की उपलब्धियों को ऐतिहासिक बताया।
इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा को पुष्पगुच्छ भेंट कर जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दीं।
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि यह प्रदर्शनी राज्य सरकार की विकास यात्रा, जनविश्वास और सुशासन के प्रयासों को नजदीक से देखने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने बताया कि बीते दो वर्षों में राजस्थान ने बुनियादी ढांचे के विस्तार, निवेश प्रोत्साहन, पर्यटन विकास, महिला सशक्तिकरण और जनकल्याण के क्षेत्रों में उल्लेखनीय और अविस्मरणीय प्रगति दर्ज की है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ये सभी उपलब्धियां यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी मार्गदर्शन, सशक्त नेतृत्व और स्पष्ट विकास दृष्टि से प्रेरित हैं। उनके मार्गदर्शन में राजस्थान निरंतर विकास, समावेशन और सुशासन की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
उपमुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह प्रदर्शनी एवं तीन दिवसीय कार्यक्रम आमजन को सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा प्रदेश के विकास संकल्प को और अधिक सुदृढ़ करेगा।

