तारानगर के गणेश मंदिर में आज शिखर कलश व धर्मध्वजा स्थापना का आयोजन

 


जयपुर, 31 जनवरी।

झोटवाड़ा क्षेत्र के तारानगर स्थित प्राचीन गणेश मंदिर में शुक्रवार को शिखर कलश एवं धर्मध्वजा की स्थापना का भव्य धार्मिक आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन बड़ पिपली बालाजी धाम के महंत प्रमेन्द्र नाथ के सानिध्य में वैदिक विधि-विधान के साथ संपन्न होगा। कार्यक्रम को लेकर मंदिर परिसर सहित आसपास के क्षेत्र में विशेष तैयारियां की गई हैं।

आयोजन के तहत सुबह खाटू श्याम मंदिर, वृंदावन कॉलोनी से कलश यात्रा का शुभारंभ होगा। इस कलश यात्रा में हजारों महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर भजन-कीर्तन के साथ गणेश मंदिर पहुंचेंगी। मंदिर परिसर में कलश यात्रा की आगवानी गणेश मंदिर के महंत पंकज शर्मा एवं गणेश मंदिर न्यास के पदाधिकारियों द्वारा की जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में 21 कुंडीय महायज्ञ एवं हवन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विद्वान आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आहुतियां दी जाएंगी। हवन पूर्ण होने के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया है।

गणेश मंदिर न्यास अध्यक्ष शंकर सिंह मनोहर, सचिव विनोद कुमार एवं कोषाध्यक्ष शैलेन्द्र शर्मा व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। आयोजन की समस्त व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी किशोर सिंह गोठड़ा के नेतृत्व में संभाली जा रही है। आयोजन से संबंधित जानकारी सर्वेश्वर शर्मा ने दी।

आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी की संभावना है। सुरक्षा, साफ-सफाई एवं यातायात व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।


Previous Post Next Post