जयपुर, 30 जनवरी।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्य तिथि के अवसर पर शुक्रवार को गांधी वाटिका में भजन-कीर्तन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गांधीवादी विचारधारा से जुड़े नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं राजनेताओं ने भाग लेकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम का आयोजन राजस्थान के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं गांधीवादी विचारधारा से प्रेरित राजीव अरोड़ा के मुख्य आतिथ्य में किया गया। इस अवसर पर गांधीवादी विचारधारा के प्रणेता गिरधारी सिंह बाफना, सवाई सिंह, बी.एम. शर्मा सहित अनेक नागरिक उपस्थित रहे और राष्ट्रपिता को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजीव अरोड़ा ने महात्मा गांधी के सिद्धांतों को वर्तमान समय में भी प्रासंगिक बताते हुए उनके बताए गए ‘सात सामाजिक पापों’ का उल्लेख किया और राजनीति में स्वच्छता, नैतिकता एवं पारदर्शिता अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गांधी जी के विचार आज भी समाज को दिशा देने में सक्षम हैं।
राजीव अरोड़ा ने पूर्व सरकार द्वारा लगभग 85 करोड़ रुपये की लागत से विकसित गांधी वाटिका की सराहना करते हुए मांग की कि 2 अक्टूबर की तरह 30 जनवरी को भी गांधी वाटिका को आम दर्शकों के लिए निःशुल्क खोला जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग गांधी जी के विचारों से जुड़ सकें।
कार्यक्रम में कनोड़िया कॉलेज एवं स्काउट के विद्यार्थियों ने भी सहभागिता निभाई और भजन-कीर्तन के माध्यम से राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि अर्पित की। आयोजन शांतिपूर्ण एवं श्रद्धामय वातावरण में संपन्न हुआ।

