जयपुर। एशिया की प्राकृतिक पत्थर उद्योग से जुड़ी प्रमुख अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी स्टोनमार्ट 2026 में राजस्थली एम्पोरियम द्वारा स्थापित एक जिला एक उत्पाद (ODOP) पवेलियन आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यह प्रदर्शनी जेईसीसी, सीतापुरा, जयपुर में आयोजित की जा रही है।
ओडीओपी पवेलियन का अवलोकन माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा, माननीय उपमुख्यमंत्री श्रीमती दिया कुमारी, राजस्थान के मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास तथा अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री शिखर अग्रवाल ने किया। इस दौरान गणमान्य अतिथियों ने राजस्थान के जिला-स्तरीय ओडीओपी उत्पादों, पत्थर उद्योग की समृद्ध विरासत और शिल्पकारों की दक्षता को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के प्रयासों की सराहना की।
ओडीओपी पवेलियन को एक विशेष अनुभव केंद्र के रूप में विकसित किया गया है, जिसमें
• एआई आधारित वीडियो और डिजिटल अवतार्स के माध्यम से ओडीओपी उत्पादों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
• राजस्थान के पत्थरों से निर्मित भारत के प्रसिद्ध स्मारकों का विशेष प्रदर्शन किया गया है, जो राज्य की ऐतिहासिक एवं स्थापत्य विरासत को दर्शाता है।
• राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त शिल्पकारों एवं कारीगरों द्वारा लाइव डेमोंस्ट्रेशन आयोजित किए गए, जिससे आगंतुकों को पारंपरिक शिल्प कौशल को नजदीक से देखने का अवसर मिला।
गणमान्य अतिथियों ने राजस्थली एम्पोरियम द्वारा परंपरा और आधुनिक तकनीक के समन्वय से ओडीओपी उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने की पहल की प्रशंसा की।
यह भ्रमण राजस्थान सरकार की ओडीओपी योजना के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसका उद्देश्य स्थानीय शिल्पकारों को सशक्त बनाना, निर्यात को प्रोत्साहन देना तथा उन्हें वैश्विक बाजार से जोड़कर सतत आजीविका के अवसर सृजित करना है।
राजस्थली एम्पोरियम राजस्थान के पत्थर, हस्तशिल्प और सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है।
