जयपुर।
अनंता मिस इंडिया ग्लैम 2026 के विजेताओं के लिए आयोजित भव्य पुरस्कार वितरण समारोह गुरुवार को जयपुर के एक प्रतिष्ठित निजी होटल में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस ग्लैमरस आयोजन में देशभर से चयनित प्रतिभागियों, विजेताओं और रनर-अप को आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान मंच पर फैशन, आत्मविश्वास और प्रतिभा का शानदार संगम देखने को मिला। आयोजकों द्वारा प्रतियोगिता में चयनित प्रतिभागियों को तीन कार, पांच स्कूटी और 22 प्रतिभागियों को नकद राशि प्रदान की गई, जिससे विजेताओं के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई। आयोजकों ने सभी पुरस्कारों को पूरी पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ विजेताओं तक पहुंचाया।
कार्यक्रम में अनंता मिस इंडिया ग्लैम 2026 के सभी विजेता, रनर-अप और सब-टाइटल धारकों को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए और आयोजकों का आभार व्यक्त किया। समारोह में मौजूद दर्शकों और अतिथियों ने विजेताओं का तालियों से उत्साहवर्धन किया।
आयोजक पवन टांक ने बताया कि अनंता मिस इंडिया ग्लैम केवल एक सौंदर्य प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि यह युवतियों को आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी और मंच प्रदान करने का सशक्त माध्यम है। वहीं शो डायरेक्टर कीर्ति टांक ने कहा कि प्रतियोगिता के हर चरण में पारदर्शिता और निष्पक्षता को प्राथमिकता दी गई, ताकि हर प्रतिभागी को बराबर अवसर मिल सके।
कार्यक्रम में फैशन इंडस्ट्री से जुड़े विशेषज्ञों, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, आयोजन समिति के सदस्यों सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। समारोह का समापन विजेताओं के ग्रुप फोटो और मीडिया इंटरैक्शन के साथ हुआ।




