सक्षम 2026: तेल एवं गैस संरक्षण को लेकर जयपुर में जन जागरूकता अभियान का भव्य शुभारंभ

 


जयपुर, 02 फरवरी।

पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय (MoP&NG) के तत्वावधान में तेल उद्योग द्वारा पेट्रोलियम उत्पादों के संरक्षण को लेकर देशव्यापी जन जागरूकता अभियान “सक्षम-2025-26” का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान 01 फरवरी से 15 फरवरी 2026 तक चलेगा, जिसमें पूरे तेल क्षेत्र के साथ-साथ डीलर-डिस्ट्रिब्यूटर नेटवर्क, सरकारी संस्थान, एनजीओ और आम जनता की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है।

सक्षम 2026 का उद्घाटन सोमवार को तोटुका सभागार, जैन नासियां, नारायण सिंह सर्किल, जयपुर में उप मुख्य विस्फोटक नियंत्रक जनार्दन कुमार द्वारा किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, आमजन और तेल कंपनियों के अधिकारी उपस्थित रहे।



इस वर्ष सक्षम 2026 की थीम रखी गई है —

“तेल और गैस बचाओ, हरित ऊर्जा अपनाओ”

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मनोज कुमार गुप्ता, राज्य स्तरीय समन्वयक (तेल उद्योग) एवं कार्यकारी निदेशक व राज्य प्रमुख, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (राजस्थान) ने कहा कि ऊर्जा संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने आम जनता, विशेषकर बच्चों से अपील की कि वे उपलब्ध ऊर्जा का कुशल, जिम्मेदार और मितव्ययी उपयोग करें। उन्होंने कहा कि बच्चों की भागीदारी से ही भविष्य सुरक्षित और उज्ज्वल बनाया जा सकता है।

मनोज कुमार गुप्ता ने वर्तमान परिदृश्य में तेल एवं गैस संरक्षण की आवश्यकता और उसकी अपार संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इष्टतम उपयोग और बेहतर आदतों को अपनाकर देश में पेट्रोलियम उत्पादों की खपत में बड़ी मात्रा में बचत संभव है, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आर्थिक मजबूती भी सुनिश्चित होगी।




कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि जनार्दन कुमार ने स्कूली बच्चों और आमजन की उपस्थिति में तेल एवं गैस संरक्षण से जुड़े संदेशों और नारों वाले गुब्बारों को आकाश में छोड़ा। इसके पश्चात उन्होंने तेल एवं गैस संरक्षण पर आधारित स्कूली बच्चों की जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्य अतिथि ने उपस्थित जनसमूह को पेट्रोलियम संरक्षण के व्यावहारिक उपाय बताते हुए इस संदेश के व्यापक प्रचार-प्रसार की आवश्यकता पर जोर दिया।




इस अवसर पर संजय चौहान, मुख्य महाप्रबंधक, गेल राजस्थान ने ऊर्जा संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मुख्य भाषण दिया। उन्होंने तेल कंपनियों द्वारा तेल संरक्षण एवं पर्यावरण स्वच्छता के लिए उठाए जा रहे विभिन्न कदमों की जानकारी दी और पेट्रोलियम उत्पादों के वर्तमान परिदृश्य पर भी विस्तार से चर्चा की।

कार्यक्रम में गौरव शर्मा, उप महाप्रबंधक, बीपीसीएल ने सक्षम 2026 की शपथ दिलाई। इस दौरान सभी अतिथियों, अधिकारियों और स्कूली बच्चों ने तेल एवं गैस संरक्षण की शपथ ली।

कार्यक्रम के अंत में के. पी. सतीश कुमार, मुख्य महाप्रबंधक, एचपीसीएल ने उपस्थित गणमान्य अतिथियों, स्कूली बच्चों और आमजन का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया।

Previous Post Next Post