निवर्तमान सरपंच प्रदेश अधिवेशन: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा – सरपंच गांवों के विकास की धुरी

 

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि सरपंच ग्रामीण क्षेत्रों में नीतियों और योजनाओं के क्रियान्वयन का सबसे सशक्त माध्यम हैं। उनका समर्पण भाव गांवों के विकास और जनता की खुशहाली में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

मुख्यमंत्री ने सोमवार को कृषि अनुसंधान संस्थान, दुर्गापुरा में सरपंच संघ द्वारा आयोजित निवर्तमान सरपंच (प्रशासक) प्रदेश अधिवेशन को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मूल मंत्र को धरातल पर उतारने का कार्य सरपंच करते हैं।

उन्होंने कहा कि वीबी जी राम जी कानून ग्रामीण विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। इसके माध्यम से मनरेगा की अनियमितताओं को दूर किया गया और स्थाई परिसंपत्तियों का निर्माण संभव हुआ। रोजगार की गारंटी को 100 दिन से बढ़ाकर 125 दिन किया गया है। केन्द्रीय बजट में इसके लिए 95,692 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

मुख्यमंत्री ने राज्य की 8 करोड़ जनता के कल्याण और सभी विधानसभा क्षेत्रों के विकास पर जोर दिया। पानी और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए रामजल सेतु लिंक, देवास परियोजना, यमुना जल समझौता, आईजीएनपी, गंगनहर और माही परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की जानकारी देते हुए कहा कि अब तक 1 लाख से अधिक पदों पर नियुक्तियां दी जा चुकी हैं। 1 लाख 44 हजार पदों पर भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं। भर्ती परीक्षाओं में पिछले दो साल में एक भी पेपरलीक नहीं हुआ और राजस्थान अब पेपरलीक मुक्त राज्य बन गया है।

मुख्यमंत्री ने पंचायतीराज को मजबूत करने के लिए किए गए प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि 8 नई जिला परिषदें, 94 नई पंचायत समितियां और 3,467 नई ग्राम पंचायतें बनाई गई हैं। पंचायत जनप्रतिनिधियों के मानदेय में वर्ष 2024-25 और 2025-26 में क्रमशः 10 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। इसके साथ ही 475 ग्राम पंचायत भवनों और 117 अंबेडकर भवनों का निर्माण पूरा किया गया है।


उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले 2 वर्षों में पूर्ववर्ती सरकार के 5 वर्षों से अधिक कार्य किए हैं, जिसमें फार्म पौंड, डिग्गी निर्माण, तारबंदी, स्वामित्व कार्ड वितरण, पशु चिकित्सालयों का उन्नयन, पाइपलाइन और गौशाला अनुदान, अल्पकालीन फसल ऋण वितरण जैसे अनेक कार्य शामिल हैं।

कार्यक्रम में विधायक शत्रुघ्न गौतम, राजस्थान सरपंच संघ के प्रदेशाध्यक्ष बंशीधर गढ़वाल, कार्यकारी अध्यक्ष अर्जुन सिंह गौड़, उपाध्यक्ष मुकेश मीणा, समन्वयक कमल चौधरी और महामंत्री शक्ति सिंह रावत सहित अन्य पदाधिकारी और निवर्तमान सरपंच उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post