मुख्य समाचार:
जयपुर। फाल्गुन माह की पावन बेला में अपरा काशी जयपुर में श्रद्धा, भक्ति और सनातन आस्था का भव्य संगम देखने को मिला। आज म्हारी झोपड़ी पधारों श्याम द्वारा जयपुर से खाटूधाम तक 24वीं विशाल श्याम पदयात्रा प्रारंभ हुई। पदयात्रा का शुभारंभ कानजी पुरोहित की गली, बाबा हरिचन्द्र मार्ग, रायसर प्लाजा के पास और इन्द्रा बाजार से किया गया।
हजारों श्रद्धालु बाबा श्याम के जयकारों के साथ पदयात्रा में सम्मिलित हुए और पूरे मार्ग को भक्ति-मय वातावरण में परिवर्तित कर दिया। पदयात्रा को हाथोज धाम पीठाधीश्वर एवं हवामहल विधायक स्वामी बालमुकुंदाचार्य महाराज ने ध्वज पूजन कर रवाना किया।
स्वामी बालमुकुंदाचार्य महाराज ने कहा कि फाल्गुन माह भक्ति, उल्लास और आत्मिक जागरण का विशेष समय है। इस माह में की गई श्याम प्रभु की आराधना भक्तों को संयम, सेवा और समर्पण के मार्ग पर अग्रसर करती है। उन्होंने यह भी कहा कि श्याम पदयात्रा केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि अहंकार त्याग, अनुशासन और सामाजिक समरसता का संदेश देती है।
पदयात्रा श्याम भक्त राजकुमार कुमावत और राजकुमारी कुमावत के नेतृत्व में रवाना हुई। आयोजकों ने सभी श्याम प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भक्ति, सेवा और समर्पण के इस महायज्ञ में सहभागी बनने का आह्वान किया।
इस भव्य आयोजन के अंतर्गत 24 और 25 फरवरी 2026 को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, साथ ही 25 फरवरी को भजन संध्या का कार्यक्रम होगा, जिसमें भक्ति संगीत के माध्यम से श्याम प्रभु की आराधना की जाएगी और संपूर्ण वातावरण भक्तिरस से सराबोर रहेगा।
