जयपुर।
इंडिया स्टोन मार्ट 2026 के दूसरे दिन जयपुर एग्ज़ीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (जेईसीसी), सीतापुरा में जयपुर आर्किटेक्चर फेस्टिवल 2026 का भव्य शुभारंभ किया गया। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने राजस्थान की स्थापत्य विरासत, पत्थर उद्योग और शिल्प परंपरा को वैश्विक पहचान दिलाने वाला आयोजन बताया।
उन्होंने कहा कि चाहे अयोध्या का राम मंदिर हो, अक्षरधाम हो, ऐतिहासिक स्मारक हों, धार्मिक स्थल हों या विश्व के प्रतिष्ठित होटल और इमारतें—यदि ध्यान से देखा जाए तो इनमें उपयोग हुआ पत्थर प्रायः राजस्थान का ही होता है। यह प्रदेश के लिए अत्यंत गौरव की बात है कि यहां की माटी और पत्थर का योगदान पूरी दुनिया में दिखाई देता है।
मुग्धा कन्वेंशन हॉल में आयोजित उद्घाटन समारोह में दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत हुई। इस अवसर पर देश–विदेश के प्रख्यात आर्किटेक्ट्स, नीति-निर्माता, उद्योग प्रतिनिधि और संस्थागत संगठनों से जुड़े वरिष्ठ पदाधिकारी मंचासीन रहे।
दिया कुमारी का संबोधन
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि इतने बड़े और प्रतिष्ठित आर्किटेक्ट्स को एक मंच पर सम्मानित करना उनके लिए गर्व का विषय है। उन्होंने लघु उद्योग भारती का आभार जताते हुए कहा कि इस भव्य आयोजन में उन्हें आमंत्रित किया गया, जिसके लिए वे आयोजकों की आभारी हैं।
शिल्पग्राम पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे कारीगरों और हैंडीक्राफ्ट से जुड़े शिल्पकारों को इतना बड़ा मंच देना सराहनीय पहल है। इससे कारीगरों, छात्रों और युवाओं को सीखने का अवसर मिलेगा, वहीं निर्यातकों को भी नए अवसर प्राप्त होंगे।
उन्होंने “विकास भी और विरासत भी” की सोच को आगे बढ़ाते हुए पारंपरिक स्थापत्य और आधुनिक आर्किटेक्चर के समन्वय पर ज़ोर दिया और सुझाव दिया कि भविष्य में इस आयोजन की अवधि और बढ़ाई जानी चाहिए।
जयपुर आर्किटेक्चर फेस्टिवल 2026
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन राजस्थान के हैंडीक्राफ्ट, हस्तशिल्प और मार्बल इंडस्ट्री से जुड़े लोगों के लिए एक बड़ा अवसर है। राजस्थान हैंडीक्राफ्ट्स का घर है और इस क्षेत्र को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे मंचों की बेहद आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि जयपुर विश्व की पहली प्लांड सिटी है और आर्किटेक्चर के क्षेत्र में इसका विशेष स्थान है। देश ही नहीं, बल्कि दुनिया की कई प्रतिष्ठित इमारतों में राजस्थान का पत्थर उपयोग में लिया गया है, जो प्रदेश के लिए गर्व की बात है।
मंचासीन अतिथियों की उपस्थिति
उद्घाटन समारोह में मंच पर
दिया कुमारी, उपमुख्यमंत्री, राजस्थान
अंजू सिंह, राष्ट्रीय सचिव, लघु उद्योग भारती
मुकुल रस्तोगी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, सीडॉस
दीपक अजमेरा, उपाध्यक्ष, सीडॉस
आर्किटेक्ट वू जियांग, प्रेसिडेंट, आर्केसिया
आर्किटेक्ट तुषार सोगानी, चेयरमैन, आईआईए राजस्थान एवं क्यूरेटर, जयपुर आर्किटेक्चर फेस्टिवल 2026
आर्किटेक्ट विलास वसंत उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में
प्रकाश चंद्र, नरेश पारीक, राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव, लघु उद्योग भारती एवं हमीर सिंह भायल, विधायक विशेष रूप से उपस्थित रहे।
अंजू सिंह ने बताई आयोजन की विशेषताएं
अंजू सिंह ने बताया कि इंडिया स्टोन मार्ट का आयोजन लघु उद्योग भारती द्वारा सीडॉस और रीको के सहयोग से किया जा रहा है। इस बार कई नई पहलें की गई हैं, जिनमें डिजिटल मोबाइल ऐप का लॉन्च, 26 भाषाओं में ट्रांसलेट होने वाली वेबसाइट और टेक्नोलॉजी आधारित सुविधाएं शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि जयपुर आर्किटेक्चर फेस्टिवल के माध्यम से स्टोन, आर्किटेक्चर और एमएसएमई सेक्टर को एक साझा मंच मिला है।
ऑल इंडिया स्टोन आर्किटेक्चर अवॉर्ड्स 2025
जयपुर आर्किटेक्चर फेस्टिवल 2026 के उद्घाटन अवसर पर 12वें ऑल इंडिया स्टोन आर्किटेक्चर अवॉर्ड्स 2025 के विजेताओं को सम्मानित किया गया। चार श्रेणियों में कुल 80 प्रविष्टियाँ प्राप्त हुईं।
एक्सटीरियर फेंसिंग श्रेणी
आर्किटेक्ट प्रमोद जैन
प्रोजेक्ट: मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर, जोधपुर (राजस्थान)
नकद पुरस्कार: ₹1,00,000
इंटीरियर डिजाइन श्रेणी (संयुक्त विजेता)
आर्किटेक्ट श्वेता बालासुब्रमोनी – ₹50,000
आर्किटेक्ट संतोष रमणे – ₹50,000
लैंडस्केपिंग श्रेणी (संयुक्त विजेता)
आर्किटेक्ट श्रद्धा चव्हाण एवं आर्किटेक्ट अजिंक्य चव्हाण – ₹50,000
आर्किटेक्ट जयदत्त वैष्णव एवं आर्किटेक्ट अनल कपाड़िया वैष्णव – ₹50,000
ग्रीन आर्किटेक्चर श्रेणी (संयुक्त विजेता)
आर्किटेक्ट हिमांशु पटेल – ₹50,000
आर्किटेक्ट लता रमन जैगोपाल – ₹50,000
जयपुर आर्किटेक्चर फेस्टिवल 2026: क्या है खास
यह फेस्टिवल वास्तुकला, स्टोन, शहरी नियोजन और सतत विकास को एक साझा मंच पर लाने वाला राष्ट्रीय स्तर का विचार-उत्सव है, जो आर्किटेक्ट्स, नीति-निर्माताओं, छात्रों और स्टोन इंडस्ट्री के पेशेवरों के बीच संवाद स्थापित कर रहा है।
धन्यवाद ज्ञापन
समारोह के अंत में सीडॉस के चेयरमैन दीपक अजमेरा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, वक्ताओं, आयोजकों, सहयोगी संस्थाओं और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।



