भारतीय जनता पार्टी जयपुर शहर जिला संगठन के एक वर्ष पूर्ण होने पर राजधानी जयपुर में भव्य और ऐतिहासिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला अध्यक्ष अमित गोयल के नेतृत्व के एक साल पूरे होने पर आयोजित इस समारोह में 5 हजार से अधिक कार्यकर्ता शामिल हुए।
भारी बारिश के बावजूद शहर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के बीच फूलमालाओं से जिला अध्यक्ष का स्वागत किया गया। सौहार्द और एकता के प्रतीक के रूप में सफेद और केसरिया गुब्बारे आसमान में छोड़े गए। संगठन के एक वर्ष पूर्ण होने पर गाजर के हलवे से बना विशेष केक भी काटा गया।
जिला पदाधिकारियों ने अमित गोयल को 51 किलो की विशाल माला पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने शौर्य और भारतीय परंपरा के प्रतीक स्वरूप महाराणा प्रताप की प्रतिमा, हनुमान जी का गोटा और तलवार भेंट की।
अपने संबोधन में अमित गोयल ने संगठन को सर्वोपरि बताते हुए सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने का संकल्प दोहराया। उन्होंने “संगठन गढ़े चलो, सुपंथ पर बढ़े चलो” का नारा देकर कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरा।
कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के मंत्री, विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, पार्षद, पूर्व पार्षद और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। संत समाज का विशेष आशीर्वाद भी कार्यक्रम को प्राप्त हुआ।
पूरे आयोजन में संगठनात्मक एकजुटता और कार्यकर्ताओं का उत्साह स्पष्ट रूप से दिखाई दिया, जिसने जयपुर शहर की राजनीति में एक सशक्त संदेश दिया।


