यूएई में राजस्थान की कला-संस्कृति का भव्य प्रदर्शन, 8 फरवरी को BAPS हिंदू मंदिर में होगा सांस्कृतिक कार्यक्रम


राजस्थान प्रवासी फाउंडेशन के तत्वावधान में आगामी 8 फरवरी 2026, रविवार को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के BAPS हिंदू मंदिर, अबूधाबी में राजस्थान की समृद्ध कला एवं संस्कृति को समर्पित एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य विदेशों में बसे राजस्थानियों को अपनी जड़ों से जोड़ना तथा प्रदेश की लोक कला, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करना है।

राजस्थान प्रवासी फाउंडेशन के फाउंडर जान सिंह पीलवा ने बताया कि इस सांस्कृतिक आयोजन में राजस्थान के लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदेश की संस्कृति की झलक दिखाएंगे। कार्यक्रम में लोक संगीत, लोक नृत्य एवं पारंपरिक कला प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

फाउंडेशन के संरक्षक महंत श्री प्रताप पुरी ने बताया कि राजस्थान प्रवासी फाउंडेशन का मुख्य उद्देश्य विश्वभर में बसे राजस्थानियों को एक साझा मंच प्रदान करना है, जिससे वे आपस में संपर्क में रह सकें और आवश्यकता पड़ने पर एक-दूसरे की सहायता कर सकें। इसी उद्देश्य से संगठन द्वारा विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।



उन्होंने बताया कि प्रवासी संकट योजना के तहत अब तक राजस्थान के कई प्रवासियों को कठिन परिस्थितियों में त्वरित सहायता प्रदान की गई है। इसी कड़ी में अब तक लाखों रुपये की आर्थिक सहायता जरूरतमंद प्रवासियों तक पहुंचाई जा चुकी है।

राजस्थान प्रवासी फाउंडेशन द्वारा 20 हजार से अधिक वृक्षारोपण करने का लक्ष्य भी निर्धारित किया गया है, जिसके तहत पूर्व में भी विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। फाउंडेशन पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सरोकार और सांस्कृतिक संवर्धन को समान रूप से प्राथमिकता दे रहा है।

फाउंडेशन द्वारा देश के विभिन्न शहरों—मुंबई, पुणे, जोधपुर सहित अन्य स्थानों—में भी सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। संस्था का प्रयास है कि राजस्थान की कला और संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिले और प्रवासी राजस्थानियों के बीच आपसी मेलजोल एवं सहयोग की भावना मजबूत हो।

कार्यक्रम की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं और आयोजन को सफल बनाने के लिए राजस्थान प्रवासी फाउंडेशन के कार्यकर्ता पिछले दो माह से सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। आयोजकों को प्रवासी राजस्थानियों एवं विभिन्न संगठनों से सकारात्मक सहयोग मिल रहा है, जिससे यह आयोजन यादगार और ऐतिहासिक बनने की उम्मीद है।

Previous Post Next Post