जयपुर। भगवान पद्मप्रभु के मोक्ष कल्याणक पर पदमपुरा में विविध धार्मिक आयोजन

 


जयपुर, 4 फरवरी

जैन धर्म के छठे तीर्थंकर भगवान पद्मप्रभु की भू गर्भ से प्रकटित अतिशयकारी प्रतिमा एवं अति सुंदर जिनालय के लिए विश्व प्रसिद्ध दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र पदमपुरा (बाड़ा) में गुरुवार, 5 फरवरी को भगवान पद्मप्रभु का मोक्ष कल्याणक दिवस श्रद्धालुओं की उपस्थिति में भक्ति भाव से मनाया जाएगा।

इस अवसर पर जहाजपुर प्रणेत्री भारत गौरव गणिनी आर्यिका 105 स्वस्तिभूषण माताजी ससंघ के सानिध्य में अनेक धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न होंगे। क्षेत्र कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट सुधीर जैन (दौसा) एवं मानद मंत्री एडवोकेट हेमंत सोगानी ने संवाददाता सम्मेलन में जानकारी देते हुए बताया कि इस दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे।

कमेटी के अनुसार, प्रातः 7:00 बजे मूलनायक भगवान पद्मप्रभु के मंत्रोच्चार के साथ अभिषेक होगा। इसके पश्चात विश्व में सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए शांतिधारा की जाएगी।

प्रातः 7:30 बजे से भगवान पद्मप्रभु की संगीतमय निर्वाण पूजा होगी, और तत्पश्चात जयकारों के बीच प्रातः 8:15 बजे मोक्ष का प्रतीक निर्वाण लाडू चढ़ाया जाएगा।

इसके अलावा, क्षेत्र कमेटी के कोषाध्यक्ष राज कुमार कोठ्यारी ने बताया कि प्रातः 10:15 बजे से श्रद्धालुओं द्वारा भगवान पद्मप्रभु की खडगासन प्रतिमा का पंचामृत अभिषेक किया जाएगा।

कमेटी ने सभी भक्तों से आग्रह किया है कि वे इस भव्य अवसर पर उपस्थित होकर भगवान पद्मप्रभु के कल्याणक का लाभ उठाएं और क्षेत्र के धार्मिक आयोजनों में शामिल हों।

Previous Post Next Post