जोधपुर, 5 फरवरी।
राजस्थान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (RIFF) 2026 का समापन समारोह एवं भव्य अवॉर्ड नाइट ऐतिहासिक मेहरानगढ़ दुर्ग में आयोजित किया गया। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सिनेमा से जुड़े उत्सवपूर्ण माहौल के बीच आयोजित इस मेगा अवॉर्ड नाइट में देश-विदेश से आए अभिनेता, निर्देशक और फिल्म जगत की प्रतिष्ठित हस्तियों ने शिरकत की।
अभिनेता एवं मशहूर कवि शैलेश लोढ़ा ने कहा कि मारवाड़ की कला, संस्कृति, संगीत और साहित्य के प्रति लोगों का अनुराग अद्भुत है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति भले ही मारवाड़ से बाहर चला जाए, लेकिन मारवाड़ उसकी आत्मा में सदैव जीवित रहता है। उन्होंने युवाओं से अन्य भाषाओं के साथ-साथ मारवाड़ी भाषा और संस्कृति को सहेजने की अपील की। इस अवसर पर उन्होंने अपने पिता श्याम सिंह लोढ़ा की स्मृति में घोषणा की कि अगले वर्ष राजस्थान में बनने वाली फीचर फिल्मों के लिए दो विशेष पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे, जिनकी राशि क्रमशः एक लाख रुपये और पचास हजार रुपये होगी।
सम्मान से अभिभूत हुए कलाकार
अभिनेता रजत कपूर ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए एक अप्रत्याशित और भावुक कर देने वाला अनुभव है। वे यहां फिल्में देखने और अपनी शॉर्ट फिल्मों को प्रस्तुत करने आए थे, लेकिन इस तरह के सम्मान की उन्होंने कल्पना भी नहीं की थी। उन्होंने कहा कि एक कलाकार के रूप में सीखते रहना और आगे बढ़ते रहना उनका दायित्व है।
वहीं अभिनेता मकरंद देशपांडे ने कहा कि किसी कलाकार के लिए पुरस्कार से अधिक महत्वपूर्ण यह होता है कि वह सम्मान किस स्थान पर मिल रहा है। ऐतिहासिक मेहरानगढ़ दुर्ग जैसे स्थल पर सम्मानित होना हर कलाकार के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।
RIFF 2026 में सम्मानित हस्तियां
प्रसिद्ध अभिनेता रजत कपूर – लीजेंडरी अवार्ड ऑफ एक्सीलेंस
दीना रोज़नमेयर – ऑनरेरी अवार्ड ऑफ एक्सीलेंस (अंतरराष्ट्रीय सिनेमा)
कवि, लेखक व टीवी कलाकार शैलेश लोढ़ा – प्राइड ऑफ राजस्थान अवार्ड
कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा – ऑनरेरी अवार्ड ऑफ एक्सीलेंस
वरिष्ठ अभिनेत्री जयति भाटिया – ऑनरेरी अवार्ड ऑफ एक्सीलेंस
अभिनेता व टीवी होस्ट अनूप सोनी – अवार्ड ऑफ एक्सीलेंस
लेखिका व अभिनेत्री सीमा कपूर – बेस्ट ऑथर इन द फील्ड ऑफ सिनेमा अवार्ड
उभरती प्रतिभा शहज़ाद अली – यूथ आइकन ऑफ राजस्थान अवार्ड
STAGE OTT – थीम अवार्ड (Cinemasthan – Your Lens, Our Rajasthan)