जयपुर, 11 फरवरी 2026। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने राजस्थान बजट 2026–27 को विकसित राजस्थान के निर्माण का सशक्त और दूरदर्शी रोडमैप बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रदेश को आत्मनिर्भर, समृद्ध और सर्वांगीण विकास की दिशा में अग्रसर करने वाला है।
राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में वित्त मंत्री दीया कुमारी द्वारा प्रस्तुत यह बजट आमजन, किसान, युवा, महिला, कर्मचारी, व्यापारी और उद्योग जगत सहित सभी वर्गों की अपेक्षाओं पर खरा उतरता है। बजट में आधारभूत ढांचे के विस्तार, ग्रामीण विकास, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान दिया गया है, जो आने वाले वर्षों में प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।
उन्होंने बताया कि बजट में 42 हजार किलोमीटर सड़कों के निर्माण, जोधपुर–पाली–मारवाड़ औद्योगिक कॉरिडोर के लिए 600 करोड़ रुपये, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत 10 लाख रुपये तक ब्याज मुक्त ऋण सहायता, ग्रामीण महिला बीपीओ की स्थापना, राजस्थान स्टेट टेस्टिंग एजेंसी की स्थापना, महिला स्वयं सहायता समूहों की ऋण सीमा में वृद्धि तथा अगले वर्ष 50 हजार सोलर पंप लगाए जाने जैसी महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार ने वित्तीय अनुशासन के साथ विकास और जनकल्याण के बीच संतुलन स्थापित किया है। कृषि एवं पशुपालन को मजबूती, युवाओं के लिए कौशल विकास और रोजगार के अवसर, महिलाओं के सशक्तिकरण तथा शहरी एवं ग्रामीण बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि यह बजट ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना को साकार करता है। प्रदेश की जनता ने जिस विश्वास के साथ भाजपा सरकार को जनादेश दिया था, यह बजट उसी विश्वास को और मजबूत करेगा।
राठौड़ ने विश्वास व्यक्त किया कि राजस्थान बजट 2026–27 प्रदेश को विकसित राज्य बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा और आमजन के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन लाएगा।
