बजट भारत के विकसित भविष्य की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम : मंत्री कुमावत — पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने की प्रेस ब्रीफिंग

 


पाली, 02 फरवरी।

पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने सोमवार को जिला कलेक्टर कार्यालय सभागार में केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर प्रेस मीडिया प्रतिनिधियों को विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह बजट भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।

मंत्री कुमावत ने कहा कि यह बजट देश के समग्र विकास और प्रत्येक नागरिक के कल्याण को ध्यान में रखते हुए तीन प्रमुख उद्देश्यों—आर्थिक विकास एवं रोजगार वृद्धि, जनता की अपेक्षाओं की पूर्ति तथा ‘सबका साथ, सबका विकास’ को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि बजट में महिला, पुरुष, किसान, विद्यार्थी, युवा, श्रमिक और मध्यम वर्ग सहित समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए व्यापक प्रावधान किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत यह बजट गरीब, किसान, युवा, महिला, मध्यम वर्ग और श्रमिक वर्ग के उत्थान के लिए मील का पत्थर साबित होगा। राजस्थान जैसे राज्यों को इस बजट का सीधा और व्यापक लाभ मिलेगा।

मंत्री कुमावत ने बताया कि बजट में किसानों की आय बढ़ाने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने, कृषि उत्पादकता बढ़ाने तथा पशुपालन एवं डेयरी उद्योग को प्रोत्साहन देने की योजनाएं शामिल हैं। स्थानीय उद्योगों और हस्तशिल्प को बढ़ावा देकर रोजगार के नए अवसर सृजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि रोजगार सृजन पर विशेष जोर दिया गया है, जिससे स्टार्टअप, एमएसएमई, मैन्युफैक्चरिंग और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में नए अवसर पैदा होंगे।

स्वास्थ्य क्षेत्र को लेकर उन्होंने बताया कि बजट में कैंसर, डायबिटीज सहित अन्य गंभीर बीमारियों की दवाइयों को सस्ता करने के प्रावधान किए गए हैं। साथ ही जिला अस्पतालों के उन्नयन, हर जिले में इमरजेंसी एवं ट्रॉमा सेंटर की स्थापना जैसी महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं।

महिला सशक्तिकरण पर बोलते हुए मंत्री कुमावत ने कहा कि लखपति दीदी योजना के विस्तार के माध्यम से महिलाओं को क्रेडिट-लिंक्ड स्वरोजगार, उद्यमिता और स्थानीय बाजारों से जोड़ने की व्यवस्था की गई है।

देश की आर्थिक मजबूती के लिए बजट में 7 हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर, 20 नए जलमार्ग, बड़े टेक्सटाइल पार्क तथा 4 राज्यों में खनिज कॉरिडोर की घोषणा की गई है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास’ की भावना को और अधिक सशक्त करता है।

इस अवसर पर उपखण्ड अधिकारी विमलेंद्र राणावत, भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील भंडारी, पुखराज पटेल, त्रिलोक चौधरी सहित मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post