राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड राज्य स्तरीय पुरस्कार समारोह – युवा मन बनाकर समाज और राष्ट्र के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करें – स्काउट व गाइड संगठन युवाओं की सेवा संकल्प से जुड़ी संस्कृति है: राज्यपाल

 

जयपुर, 11 फरवरी 2026। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने कहा कि युवा स्वयं के विकास के साथ राष्ट्र और समाज को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करें। उन्होंने स्काउट व गाइड संगठन के युवाओं को दृढ़ संकल्प और मन बनाकर समाज के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को अधिकारों की बजाय कर्तव्य की भावना को प्राथमिकता देनी चाहिए।

बागडे ने कहा कि स्काउट व गाइड संगठन युवाओं की सेवा और समर्पण की संस्कृति से जुड़ा है। राजस्थान को योद्धाओं की भूमि बताते हुए उन्होंने कहा कि यहां के लोग शौर्य, वीरता और साहस के प्रतीक रहे हैं। उन्होंने स्काउट गाइड से जुड़े युवाओं को अपनी परंपरा और संस्कृति से जुड़े रहने का आह्वान किया।

राज्यमंत्री ओटाराम देवासी ने कहा कि वे स्वयं स्काउट संगठन का हिस्सा रहे हैं। यह संगठन अनुशासन और युवाओं के प्रेरणा स्रोत के रूप में कार्य करता है।


राज्य मुख्य आयुक्त निरंजन आर्य ने मुख्य अतिथियों का स्वागत किया और संगठन की गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राजस्थान ने राष्ट्रीय जंबूरिया में सर्वोच्च पदक प्राप्त करके अपना स्थान बनाए रखा है। राष्ट्र में लगभग 70 लाख स्काउट गाइड हैं, जिनमें से 18 लाख राजस्थान में हैं।

समारोह में विधायक दर्शन सिंह, वीरेंद्र सिंह और अखिल शुक्ला ने विचार साझा किए।

इस अवसर पर राज्यपाल ने संगठन को आर्थिक सहयोग के लिए राज्यमंत्री ओटाराम देवासी, विधायक वीरेंद्र सिंह, दर्शन सिंह, कलेक्टर अभिषेक सुराना, नमिता मेहता और अन्य का धन्यवाद किया। प्रशिक्षण आयुक्त बन्ना लाल, जनसंपर्क प्रभारी नीरज जैन और अन्य को मेडल ऑफ मेरिट से सम्मानित किया गया। श्रेष्ठ स्काउट गाइड को राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किए गए।

समारोह में स्काउट गाइड ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और साहसिक कैंप जैसी गतिविधियों का प्रदर्शन किया।

Previous Post Next Post