जयपुर, 06 फरवरी 2026।
राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ ने संसद में राष्ट्रीय कैरियर सेवा (एनसीएस) प्लेटफॉर्म और रोजगार सुविधाओं से जुड़े विषय पर प्रश्न उठाकर देश के युवाओं के भविष्य से जुड़े एक महत्वपूर्ण मुद्दे को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। उनके प्रश्न के उत्तर में केंद्रीय श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री श्रीमती शोभा करंदलाजे ने सदन को एनसीएस पोर्टल की प्रगति और उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी दी।
मंत्रालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में 20 जनवरी 2026 तक एनसीएस पोर्टल पर 78.86 लाख से अधिक नौकरी चाहने वाले तथा 12.36 लाख से अधिक नियोक्ता पंजीकृत हैं। इसके साथ ही, इसी अवधि में 3.43 करोड़ से अधिक रिक्तियां एनसीएस प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे यह पोर्टल देश का एक प्रभावी वन-स्टॉप डिजिटल रोजगार मंच बनकर उभरा है।
सांसद मदन राठौड़ ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा देशभर में अब तक 407 आदर्श कैरियर केंद्र (मॉडल कैरियर सेंटर्स) स्वीकृत किए गए हैं, जहां युवाओं को कैरियर परामर्श, मार्गदर्शन और प्लेसमेंट से जुड़ी सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। एनसीएस पोर्टल पर 1180 से अधिक पंजीकृत कैरियर परामर्शदाता उपलब्ध हैं और अब तक 55 लाख से अधिक ऑनलाइन एवं ऑफलाइन कैरियर मार्गदर्शन सत्र आयोजित किए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि एनसीएस पोर्टल को स्किल इंडिया डिजिटल हब के साथ एकीकृत किए जाने से युवाओं को स्किलिंग, री-स्किलिंग और अप-स्किलिंग के बेहतर अवसर मिल रहे हैं, जिससे उनकी रोजगार क्षमता में निरंतर वृद्धि हो रही है।
मदन राठौड़ ने केंद्र सरकार के इन प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि एनसीएस प्लेटफॉर्म युवाओं, महिलाओं और वंचित वर्गों तक रोजगार के अवसर पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में यह प्लेटफॉर्म देश के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में और अधिक प्रभावी सिद्ध होगा।
