मिलावट के खिलाफ लगातार सख्त अभियान बिना आयोडिन का 92 हजार किलो से अधिक नमक जब्त



जयपुर, 06 फरवरी।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल एवं चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के निर्देशन में प्रदेशभर में मिलावट के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुद्ध आहार–मिलावट पर आहार अभियान के तहत शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 92 हजार किलो से अधिक बिना आयोडिन वाला नमक जब्त किया गया।

खाद्य सुरक्षा आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला ने बताया कि अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह के नेतृत्व में केंद्रीय दल के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने नावा सिटी स्थित नमक फैक्ट्री मैसर्स कस्तूरी कैमफूड प्रा. लि. पर कार्रवाई की। मौके पर टीटू ब्रांड नाम से करीब 92 हजार 500 किलो नमक पाया गया।

आयोडिन स्पॉट टेस्ट किट से जांच करने पर नमक में आयोडिन की मात्रा शून्य पाई गई। फैक्ट्री मालिक राहुल काला ने भी नमक में आयोडिन नहीं होने की बात स्वीकार की। मौके से एफएसएस एक्ट के तहत नमक के सैंपल लिए गए और पूरी खेप को सीज कर दिया गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कठोर कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और मिलावट करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Previous Post Next Post