जयपुर, 11 फरवरी 2026। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय, जयपुर में बुधवार को एकात्म मानववाद और अंत्योदय दर्शन के प्रणेता, भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्य श्रद्धेय पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने नई दिल्ली में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर सांसद सीपी जोशी, पीपी चौधरी, चुन्नीलाल गरासिया सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें स्मरण किया।
मदन राठौड़ ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी का जीवन सादगी, समर्पण और राष्ट्रसेवा का अद्वितीय उदाहरण है। उनके आदर्श और सिद्धांत आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि उपाध्याय जी का ‘एकात्म मानववाद’ और ‘अंत्योदय’ का दर्शन आज भी भारतीय जनता पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों का मूल आधार है।
राठौड़ ने कहा कि पार्टी उनके बताए मार्ग पर चलते हुए अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान के संकल्प के साथ कार्य कर रही है।
प्रदेश कार्यालय में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नाहर सिंह जोधा, कार्यालय सचिव मुकेश पारीक, प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ सहित प्रवक्ता, पैनलिस्ट, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने भी पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

