जयपुर, 29 मार्च। ज्वैलर्स एसोसिएशन जयपुर की ओर से आयोजित ज्वैलर्स एसोसिएशन प्रीमियर लीग (जेएपीएल) सीजन-2 का रविवार को समापन हो गया। एस.जे. पब्लिक स्कूल में आयोजित इस क्रिकेट लीग में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया और दर्शकों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
लीग के पहले दिन शुक्रवार को कुल 18 और शनिवार को 12 मैच खेले गए। प्रतियोगिता में जेम्स बाय वीसीएल, धुरंधर, लीजेंड यूनाइटेड और खटोरिया सुपर किंग्स टीमों ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई। वहीं फाइनल मुकाबले में धुरंधर ज्वेल्स बाय सिफोरा और खटोरिया सुपर किंग्स टीम आमने-सामने रही।
इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष आलोक सौंखिया ने बताया कि प्रत्येक लीग मैच में मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। समापन दिवस पर युवाओं के दो फ्रेंडली मैच भी आयोजित किए गए, साथ ही एसोसिएशन कमेटी, पूर्व अध्यक्षों और पूर्व सचिवों की टीमों के बीच भी मुकाबला हुआ।
जेएवाई के संयोजक गोविन्द कुमार गुप्ता ने बताया कि इस तरह के आयोजन, विशेषकर क्रिकेट लीग का मुख्य उद्देश्य सोशल मीडिया के दौर में युवा जौहरियों के बीच आपसी संपर्क और भाईचारा बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि इस सत्र में 400 से अधिक नए युवा सदस्य एसोसिएशन से जुड़े हैं।
फाइनल मुकाबले के विजेता और उपविजेता टीमों को नगद पुरस्कार और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
